'बंगाल में शांति तभी हो सकती है, जब घुसपैठ रुके', पश्चिम बंगाल में बोले अमित शाह
Amit Shah: पश्चिम बंगाल में हो रही अवैध घुसपैठ पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रविवार 27 अक्टूबर को सख्त नजर आए। अमित शाह ने कहा, 'बंगाल में शांति तभी बहाल हो सकती है, जब यह घुसपैठ रुके।' इस दौरान शाह ने दावा किया कि 2026 में अगर बीजेपी सत्ता में आती है, तो हम घुसपैठ रोक देंगे।
दरअसल, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना पहुंचे। यहां पेट्रापोल में लैंड पोर्ट पर नवनिर्मित यात्री टर्मिनल भवन और 'मैत्री द्वार' नामक कार्गो गेट का उद्घाटन किया। इस दौरान शाह ने जनसभा को भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा, अगर 2026 में पश्चिम बंगाल में बीजेपी सत्ता में आती है, तो वे बांग्लादेश से अवैध घुसपैठ पर लगाम लगाएंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि जब सीमा पार आवाजाही का कोई कानूनी तरीका नहीं होता है, तो अवैध प्रवास होता है। अवैध प्रवास भारत-बांग्लादेश शांति को नुकसान पहुंचाता है। मैं बंगाल के लोगों से कहना चाहता हूं कि 2026 में (राज्य सरकार में) बदलाव करें और हम घुसपैठ रोक देंगे। बंगाल में शांति तभी हो सकती है, जब यह घुसपैठ रुके।
इस दौरान शाह ने कथित भ्रष्टाचार के लिए तृणमूल कांग्रेस सरकार की आलोचना की और दावा किया कि बंगाल के विकास के लिए पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा आवंटित धन का दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में एनडीए के कार्यकाल के दौरान पिछले 10 वर्षों में 56,000 करोड़ रुपये दिए गए हैं।
लेकिन मैं आज आपसे पूछता हूं कि क्या ये 56,000 करोड़ रुपये नरेगा के लाभार्थियों तक पहुंचते हैं या तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के हाथों में चले जाते हैं? कृपया इसकी जांच करें। उन्होंने पश्चिम बंगाल के निवासियों से इन मुद्दों को प्रभावी ढंग से हल करने के लिए 2026 में राजनीतिक बदलाव पर विचार करने का आग्रह किया।












Click it and Unblock the Notifications