हिसाब बराबर करने के लिए मैंने पी चिदंबरम को जेल नहीं भेजा: अमित शाह
नई दिल्ली। पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम आईएनएक्स मीडिया मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं। पी चिदंबरम के खिलाफ सीबीआई और ईडी की कार्रवाई के पीछे लगातार विपक्ष गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधता रहा है और आरोप लगाता रहा है कि उन्होंने बदले की राजनीति के तहत पी चिदंबरम को जेल भेजा है। लेकिन इन तमाम आरोपों पर पलटवार करते हुए अमित शाह ने कहा कि ईडी और सीबीआई गृह मंत्रालय के अंतर्गत काम नहीं करते हैं।

हिसाब बराबर करने के लिए नहीं भेजा जेल
अमित शाह ने कहा कि उन्होंने पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम से हिसाब बराबर करने के लिए उन्हें जेल नहीं भेजा है। शाह ने कहा कि जांच एजेंसी सीबीआई और ईडी गृह मंत्रालय के अंतर्गत काम नहीं करते हैं, दोनों ही गृह मंत्रालय से नहीं जुड़े हैं। एक टीवी कार्यक्रम में बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि जब चिदंबरम गृहमंत्री थे तो सीबीआई उनके अंतर्गत नहीं थी, अब मैं गृहमंत्री हूं तो भी सीबीआई मेरे अंतर्गत नहीं है।

दोनों केस का आपस में नहीं कोई संबंध
अमित शाह ने इस दौरान 2010 में हुए एनकाउंटर का भी जिक्र किया, जिसमे वह आरोपी थे। सोहराबुद्दीन शेख एनकाउंटर मामले में शाह को जेल तक जाना पड़ा था। जिसके बाद उन्हें इस शर्त पर जमानत मिली थी कि वह गुजरात छोड़कर नहीं जाएंगे। शाह ने कहा कि मैं भ्रष्टाचार का आरोपी नहीं था। मुझपर फर्जी एनकाउंटर का आरोप था। उन्होंने कहा कि उनके मामले और चिदंबरम के भ्रष्टाचार के मामले में कोई संबंध नहीं है।

चिदंबरम गलत आरोप लगा रहे
गृहमंत्री ने कहा कि दोनों ही मामलों का आपस में कोई संबंध नहीं है। मेरी सरकार पिछले पांच सालों से काम कर रही है। पिछले पांच सालों से जांच चल रही है। अब चिदंबरम इस मामले में पकड़े गए हैं तो वह इस तरह के गलत आरोप लगा रहे हैं। अगर वह सोचते हैं कि वह निर्दोष हैं तो वह अपना पक्ष कोर्ट में रख सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications