'भाजपा का मानना है कि मुसलमानों के लिए आरक्षण नहीं होना चाहिए, ये संविधान के खिलाफ', बोले अमित शाह
Amit Shah News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का मानना है कि मुसलमानों के लिए आरक्षण नहीं होना चाहिए और देश में धर्म आधारित आरक्षण नहीं होना चाहिए।
Amit Shah on Muslims Reservation: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मुस्लिम समुदाय के लिए आरक्षण संविधान के खिलाफ है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के नौ साल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जश्न के तहत महाराष्ट्र के नांदेड़ में एक रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने ये बात कही।
अमित शाह ने कहा, ''भाजपा का मानना है कि मुसलमानों के लिए कोई आरक्षण नहीं होना चाहिए क्योंकि यह संविधान के खिलाफ है। धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं हो सकता।''

अमित शाह का बयान महाराष्ट्र में बढ़ती सांप्रदायिक झड़पों के बीच आया है। अमित शाह ने रैली में कहा, ''मुस्लिम आरक्षण संविधान के खिलाफ है। धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं हो सकता। उद्धव ठाकरे को नांदेड़ के लोगों को बताना चाहिए कि मुसलमानों के लिए आरक्षण होना चाहिए या नहीं।''
अमित शाह ने शिवसेना पर साधा निशाना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उद्धव ठाकरे पर 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के साथ तत्कालीन शिवसेना के गठबंधन के लिए भाजपा को धोखा देने का भी आरोप लगाया।
2019 के चुनाव को याद करते हुए अमित शाह ने कहा कि उन्होंने और देवेंद्र फडणवीस ने बातचीत के लिए उद्धव ठाकरे से मुलाकात की थी।
अमित शाह ने कहा, "उद्धव ठाकरे ने वादा किया था कि अगर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन जीतता है, तो देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा।" शिवसेना (अविभाजित) और भाजपा ने 2019 का विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ा था, लेकिन मुख्यमंत्री पद पर असहमति को लेकर शिवसेना गठबंधन से बाहर हो गई थी।
उन्होंने आरोप लगाया, जब महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की घोषणा हुई और एनडीए की जीत हुई तो उद्धव ठाकरे ने वादा तोड़ा और सत्ता के लिए कांग्रेस और राकांपा से गठबंधन किया।
अमित शाह ने कहा कि भाजपा ने पिछले साल ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार को नहीं गिराया लेकिन वे शिव सैनिक थे जो उद्धव ठाकरे की नीतियों से थक चुके थे और शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा के साथ जाने को तैयार नहीं थे।












Click it and Unblock the Notifications