अर्थव्यवस्था पर बोले अमित शाह- पीएम मोदी ने की कड़ी मेहनत, अगली तिमाही में GDP के सकारात्मक रहने की उम्मीद
नई दिल्ली: कोरोना महामारी को रोकने के लिए मार्च में मोदी सरकार ने लॉकडाउन का ऐलान कर दिया था। जिससे देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतर गई। इसके साथ ही बीते दो तिमाही में जीडीपी ग्रोथ रेट लगातार निगेटिव रही है, जिस वजह से देश पर आर्थिक मंदी का खतरा बना हुआ है। अब गृहमंत्री अमित शाह ने जल्द ही अर्थव्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई है। साथ ही अर्थव्यवस्था के लिए मोदी सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

अहमदाबाद में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल के महीनों में अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने के लिए कड़ी मेहनत की है। इस वजह से उन्हें उम्मीद है कि अगली तिमाही में भारत की जीडीपी ट्रैक पर आ जाएगी। साथ ही उन्होंने जीडीपी ग्रोथ रेट के निवेटिव से प्लस में आने की उम्मीद जताई है। गृहमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी ने कोरोना महामारी के दौरान के समय का इस्तेमाल नीति तैयार करने के लिए किया है। इस नीति में कोरोना और लॉकडाउन के दीर्घकालीन प्रभाव को भी ध्यान में रखा गया है।
अमित शाह के मुताबिक जब कोरोना की वजह से अर्थव्यवस्था पर खतरा आया तो पीएम मोदी ने एक सेकंड गंवाए बिना कृषि क्षेत्र, बिजली समेत कई सेक्टर में सुधार के लिए काम किया, ताकी विकास की रफ्तार कायम रहे। इसी दिशा में मई में 20 लाख करोड़ के राहत पैकेज का ऐलान किया गया था। उन्होंने कहा कि अगर अभी के आंकड़ों को देखें तो हम पॉजिटिव रेट में आने से छह अंक पीछे हैं, ऐसे में उम्मीद है कि अगली तिमाही के आंकड़े में इसे कवर कर लिया जाएगा। आपको बता दें कि लॉकडाउन ने भारतीय अर्थव्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया है। जिस वजह से अप्रैल से जून वाली तिमाही में जीडीपी ग्रोथ रेट माइनस 23.9 रिकॉर्ड की गई थी। इसके बाद दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में जीडीपी ग्रोथ रेट माइनस 7.5 रही थी।












Click it and Unblock the Notifications