कोलकाता हिंसा पर अमित शाह बोले- सीआरपीएफ ना होती तो मुश्किल था मेरा बच पाना
Recommended Video
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2019) के तहत आखिरी चरण के मतदान से पहले पश्चिम बंगाल (West Bengal) की सियासत गरमा गई है। कोलकाता में बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह (Amit Shah) के रोड शो में पत्थरबाजी और आगजनी के बाद बीजेपी हमलावर है। इसी मामले पर अमित शाह ने आज दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर टीएमसी और सीएम ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला।

टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने विद्यासागर की मूर्ति तोड़ी- शाह
अमित शाह ने कहा कि उनके रोड शो के दौरान कोई हिंसा का वातावरण नहीं था, बीजेपी के कार्यकर्ता शांतिपूर्वक रोड शो में चल रहे थे। लेकिन इस दौरान उनपर तीन बार हमले किए गए, आगजनी की गई, किरोसिन बम फेंके गए। शाह ने कहा कि पार्टी उम्मीदवारों के पोस्टर फाड़े गए। अमित शाह ने ईश्वर चंद्र विद्यासागर की मूर्ति तोड़े जाने के मामले पर टीएमसी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने विद्यासागर की प्रतिमा तोड़ी और अब इसमें साजिश रची जा रही है। शाह ने कहा कि अगर सीआरपीएफ नहीं होती, तो मेरे लिए बच निकलना वाकई मुश्किल हो जाता।
ये भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल लोकसभा चुनाव 2019 की विस्तृत कवरेज

वोटबैंक की राजनीति के लिए टीएमसी ने तोड़ी विद्यासागर की मूर्ति- शाह
अमित शाह ने विद्यासागर की मूर्ति तोड़े जाने पर कहा कि उस कॉलेज पर बंगाल प्रशासन का कब्जा है। वहां कमरे की चाबी कैसे मिली और किसको मिली? क्या बीजेपी के कार्यकर्ताओं को प्रशासन ने चाबी दी? शाह ने आरोप लगाया कि वोटबैंक की राजनीति के लिए टीएमसी ने मूर्ति तोड़ी है ताकि हारी हुई बाजी को पलटा जा सके। बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि वोटबैंक की राजनीति के लिए महान शिक्षाशास्त्री की प्रतिमा का तोड़ने का मतलब है कि टीएमसी की उल्टी गिनती शुरू हो गई। शाह ने कहा कि अब तक चुनाव के 6 चरण समाप्त हो चुके हैं, इन 6 के 6 चरणों में सिवाय बंगाल के कहीं भी हिंसा नहीं हुई। बंगाल में हर चरण में हिंसा हुई इसका साफ़ मतलब है कि हिंसा TMC कर रही है।
बंगाल में चुनाव आयोग मूक दर्शक बना- अमित शाह
शाह ने कहा कि सुबह से पूरे कोलकाता में चर्चा थी कि यूनिवर्सिटी के अंदर से आकर कुछ लोग दंगा करेंगे। पुलिस ने कोई जांच नहीं की और न ही किसी को गिरफ्तार करने की कोशिश की गयी। शाह ने बंगाल में चुनावी हिंसा के मुद्दे पर चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बंगाल में चुनाव आयोग मूक दर्शक बना है। चुनाव आयोग को तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए। शाह ने कहा-' मैं पूछना चाहता हूं कि क्यों चुनाव आयोग चुप बैठा है? इन सब के बाद चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।'












Click it and Unblock the Notifications