जामिया फायरिंग पर बोले गृहमंत्री अमित शाह- ऐसी घटना बर्दाश्त नहीं, होगी कड़ी कार्रवाई
नई दिल्ली। जामिया नगर में सीएए के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर गोलीबारी के बाद अब राजनीति भी तेज हो गई है। कांग्रेस और आप समेत कई राजनीति दलों ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। वहीं इस घटना की गृहमंत्री अमित शाह ने निंदा की है। अमित शाह ने घटना के जांच के आदेश देते हुए निर्देश दिए कि, केंद्र सरकार ऐसी किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं करेगी और दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा कि, दिल्ली में जो गोली चलाने की घटना हुई है उस पर मैंने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से बात की है, उन्हें कठोर से कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। सरकार इस तरह की किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं करेगी, इस पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी और दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना के लेकर विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने इस घटना पर चिंता जाहिर करते हुए कहा है कि दिल्ली की कानून व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। केजरीवाल ने अमित शाह के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए लिखा, 'ये दिल्ली में क्या हो रहा है? दिल्ली की कानून व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। कृपया दिल्ली की कानून व्यवस्था को संभालिए।'
वहीं केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने जामिया इलाके में हुई गोलीबारी की घटना की निंदा करते हुए कहा कि, कानून तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जो कोई भी ऐसा करता है उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कोई भी कानून से बड़ा या देश से बड़ा नहीं होता है।












Click it and Unblock the Notifications