अमित शाह को चंद्रबाबू नायडू का जवाब, 'झूठ से भरी है आपकी चिट्ठी'
अमित शाह की चिट्ठी पर जवाब देते हुए नायडू ने कहा कि उनकी चिट्ठी झूठी जानकारियों से भरी पड़ी है।
नई दिल्ली। एनडीए से अलग होने पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की चिट्ठी को लेकर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने पलटवार किया है। विधानसभा में अमित शाह की चिट्ठी पर जवाब देते हुए नायडू ने कहा कि उनकी चिट्ठी झूठी जानकारियों से भरी पड़ी है। आपको बता दें कि अमित शाह ने चंद्रबाबू को लिखी अपनी 9 पन्नों की चिट्ठी में उनपर हमला बोलते हुए कहा कि एनडीए से अलग होने का फैसला पूरी तरह से राजनीति को ध्यान में रखते हुए लिया गया जबकि प्रदेश के विकास को दरकिनार किया गया है।

'अवसर मिलते तो आगे बढ़ता आंध्र प्रदेश'
इस चिट्ठी पर जवाब देते हुए चंद्रबाबू नायडू ने विधानसभा में कहा, 'अमित शाह की चिट्ठी पूरी तरह से झूठी जानकारियों से भरी हुई है, जिसमें उनका रवैया दिखाई देता है। जिस तरह केंद्र सरकार उत्तर पूर्वी राज्यों को विशेष लाभ प्रदान कर रही है, अगर उसी तरह आंध्र प्रदेश को अवसर दिए जाते तो राज्य में आज कई उद्योग स्थापित हो चुके होते।'

झूठ फैला रहे हैं अमित शाह: नायडू
चंद्रबाबू नायडू ने कहा, 'अपनी चिट्ठी में अमित शाह कहते हैं कि केंद्र सरकार ने राज्य को काफी फंड दिया है और हमने उसका इस्तेमाल नहीं किया। वो कहने की कोशिश कर रहे हैं कि आंध्र प्रदेश सरकार काम करने में असमर्थ है। हमारी सरकार के पास अच्छी जीडीपी, कृषि और कई राष्ट्रीय पुरस्कार हैं। यह हमारी क्षमता है। आप झूठ क्यों फैला रहे हैं?'

अमित शाह ने लिखी 9 पेज की चिट्ठी
गौरतलब है कि अमित शाह ने टीडीपी चीफ और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस फैसले को राजनीति से प्रेरित और एकतरफा करार दिया। शाह ने अपनी चिट्ठी में लिखा कि आंध्र प्रदेश प्रदेश के बंटवारे से लेकर आजतक भाजपा ने हमेशा राज्य के लोगों की आवाज को उठाया है और लोगों के हितों के लिए काम किया है। हम लगातार तेलगु लोग और तेलगु राज्य के हित के बारे में सोचते हैं।












Click it and Unblock the Notifications