पश्चिम बंगाल में बोले अमित शाह- भाजपा को मौका दीजिए, पांच साल में सोनार बांग्ला बना देंगे
पांच साल में पश्चिम बंगाल को सोनार बांग्ला बना देंगे: शाहपश्चिम बंगाल में बोले शाह- 5 साल में सोनार बांग्ला बना देंगे
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को राज्य के लोगों से आने वाले विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी को मौका देने की अपील की। कोलकाता में अपनी प्रेस वार्ता में भाजपा नेता ने कहा, आपने (पश्चिम बंगाल के लोगों ने) कांग्रेस को मौका दिया, कम्युनिस्टों को बार-बार मौके दिए, ममता बनर्जी को भी दो बार मौका दिया। एक मौका नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी को भी दीजिए। हम वादा करते हैं कि पांच साल में सोनार बांग्ला बनाने का काम करेंगे। दो दिन का अपना पश्चिम बंगाल का दौरा खत्म करने के बाद अमित शाह ने ये बातें कही हैं।
Recommended Video

टीएमसी सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी: शाह
अमित शाह ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा, 2010 में बड़े चाव के साथ 11 अप्रैल को मां, माटी और मानुष के नारे के साथ बंगाल में परिवर्तन हुआ था। बंगाल की जनता के मन मे ढेर सारी अपेक्षायें और आशाएं थी। 'मां माटी और मानुष' का नारा तुष्टीकरण, तानाशाही और टोलबाजी में परिवर्तित हो गया है। जो अपेक्षाएं रखी गई थी, तृणमूल सरकार और राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी उन अपेक्षाओं को पूरा करने में खरी नहीं उतरी है।

भतीजे को सीएम बनाना चाहती हैं ममता बनर्जी
अमित शाह ने कहा, हमारा लक्ष्य स्पष्ट है कि बंगाल का विकास हो, देश की सीमाएं सुरक्षित हों, बंगाल के अंदर घुसपैठ रुके। ममता बनर्जी का लक्ष्य है कि अगले टर्म में भतीजे को मुख्यमंत्री बना दें। बंगाल की जनता को तय करना है कि परिवारवाद चाहिए या विकासवाद चाहिए। शाह ने आरोप लगाया कि साइक्लोन और कोरोना महामारी में भी भ्रष्टाचार करने से तृणमूल कांग्रेस सरकार पीछे नहीं हटी है।

शाह ने कहा, भाजपा पश्चिम बंगाल में सरकार बनाएगी
अमित शाह बुधवार रात को दो दिन के दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंचे थे। अमित शाह में अगले साल विधानसभा का चुनाव होना है। चुनाव के लिए भाजपा की तैयारियों के लिए शाह वहां पहुंचे हैं। अपने दौरे को लेकर शाह ने कहा, आज मेरा बंगाल का दो दिवसीय दौरा समाप्त हो रहा है। इस दौरे के दौरान भाजपा के चार विभागों के कार्यकर्ता और समाज के अन्य कार्यकर्ताओं से मिलना हुआ। करीब 180 से ज्यादा संस्थाओं के प्रतिनिधियों से भी संवाद हुआ। मैंने देखा है कि जेपी नड्डा के नेतृत्व में भाजपा बंगाल के चुनाव को बहुत गंभीरता से ले रही है क्योंकि इसके साथ देश की सुरक्षा भी जुड़ी है और अति पिछड़े गरीब लोगों के भले का भी सवाल है। दोनों मुद्दों को लेकर हम जनता के बीच जाएंगे। मैं निश्चित रूप से कहता हूं कि आने चुनाव में बंगाल में हम 200 से ज्यादा सीटों के साथ भाजपा की सरकार बनाने जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications