ममता बनर्जी के मां-माटी-मानुष सरकार को अमित शाह ने दिया नया नाम, कही बड़ी बात
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि ममता बनर्जी जानबूझकर अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में नहीं पहुंची, उन्हे इस बात का डर था कि उनका घुसपैठिया वोट बैंक आहत ना हो जाए।
पश्चिम बंगाल के पूर्बा बर्धमान में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ममता बनर्जी को न्योता दिया गया था, उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी को भी न्योता दिया गया था। लेकिन ये लोग नहीं गए। आपको पता है ये लोग क्यों नहीं गए, क्योंकि इन लोगों को घुसपैठियों का डर है।

ममता बनर्जी ने कहा कि वह मां, माटी, मानुष की सरकार बनाएंगी, लेकिन उन्होंने मुल्ला, मदरसा, माफिया की सरकार बनाई है। इसके साथ ही अमित शाह ने संदेशखाली मामले को लेकर भी ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला।
अमित शाह ने कहा कि तुष्टिकरण के लिए महिला मुख्यमंत्री ने महिलाओं को संदेशखाली में यातनाओं का शिकार होने दिया। बता दें कि संदेशखाली उस वक्त से चर्चा में है जब ईडी के अधिकारियों पर हमला हुआ था।
ईडी की टीम संदेशखाली में टीएमसी नेता के यहां राशन घोटाला मामले में छापा मारने गई थी, लेकिन इस दौरान कई महिलाओं ने आरोप लगाया कि टीएमसी नेता ने उनके साथ यौन शोषण किया है और उनकी जमीन पर कब्जा किया है।
इसके साथ ही अमित शाह ने ममता बनर्जी की अगुवाई वाली सरकार पर सीमा पार से होने वाली घुसपैठ को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाने का आरोप लगाया। शाह ने कहा कि क्या आपको नहीं लगता है कि घुसपैठ रुकनी चाहिए। क्या आपको लगता है ममता बनर्जी इसे रोकेंगी। नहीं, क्योंकि यह उनकी वोट बैंक राजनीति का हिस्सा है।
अमित शाह ने कहा कि ममता बनर्जी सरकार ने सीएए का विरोध किया। वो कहती हैं कि सीएए को लागू नहीं होने देंगी।। आखिर उनकी हिंदू शरणार्थियों से क्या दिक्कत है जो बांग्लादेश से आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications