येदियुरप्पा और रेड्डी बंधुओं के समर्थन में उतरे शाह, बोले कांग्रेस आरोप साबित नहीं कर सकती
नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस एक दूसरे के सामने हैं। जिस तरह से भाजपा ने भ्रष्टाचार के आरोप झेल रहे रेड्डी बंधुओं को चुनाव में उम्मीदवार बनाया है, उसको लेकर राहुल गांधी लगातार भाजपा पर और पीएम मोदी पर निशाना साध रहे हैं। इस बाबत उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंटर पर बकायदा एक वीडियो भी साझा किया है जिसमे उन्होंने सवाल पूछा है कि आखिर कब पीएम मोदी इन मुद्दों पर कुछ देर के लिए बोलेंगे। लेकिन राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार करते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस बीएस येदियुरप्पा और रेड्डी बंधुओं के खिलाफ आरोप साबित नहीं कर पाएगी।

3500 किसानों ने की आत्महत्या
अमित शाह ने कर्नाटक में भाजपा की जीत को सुनिश्चित बताते हुए कहा कि हम कर्नाटक चुनाव निश्चित रूप से जीतेंगे और भाजपा आसानी से कर्नाटक में सरकार बनाएगी। शाह ने कहा कि कर्नाटक के लोगों को भाजपा को चुनने की कई वजहे हैं, इसकी कुछ बड़ी वजहे हैं कर्नाटक में 3500 किसानों ने कांग्रेस के कार्यकाल में आत्महत्या कर ली, ऐसा कोई भी राज्य नहीं है जहां किसानों की आत्महत्या का इतना बड़ा मामला सामने आया हो।
फेल है कांग्रेस सरकार
शाह ने कहा कि जिस तरह से किसानों की आत्महत्या में इजाफा हुआ है उसकी साफ वजह है कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार पूरी तरह से विफल रही है। कांग्रेस प्रदेश में किसानों की समस्याओं को खत्म करने में पूरी तरह से नाकाम रही है प्रदेश में सिचांई के साधनों की बहुत समस्या है, किसानों की समस्याओं के प्रति कांग्रेस सरकार पूरी तरह से असंवेदनशील है। साथ ही अधिकतर बेंगलुरू को कांग्रेस के माफिया हैरिस जॉर्ज और रोशन बेग के हाथों सौंप दिया गया है। कोई भी होटल में घुसकर किसी को भी मौत के घाट उतार सकता है, यहां तक कि इनके खिलाफ एफआईआर भी नहीं होगी। प्रदेश में 24 भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या की गई है।
कांग्रेस आरोप साबित नहीं कर सकती
येदियुरप्पा और रेड्डी बंधुओं पर लगे आरोप पर शाह ने कहा कि इन लोगों के खिलाफ एक भी मामला नहीं है, येदियुरप्पा के खिलाफ एक भी आरोप साबित नहीं हुआ है। कर्नाटक सरकार ने उच्च अदालतों में इनके खिलाफ अपील तक नहीं की है, क्योंक उन्हे पता है कि उनके खिलाफ कोई मामला ही नहीं है। शाह ने सिद्धारमैया पर निशाना साधते हुए कहा कि वह एक विफल मुख्यमंत्री हैं, उन्होंने प्रदेश को चौपट करके रख दिया है, भ्रष्टाचार प्रदेश में अपने चरम पर है।
इसे भी पढ़ें- कर्नाटक के युवा भाजपा कार्यकर्ताओं से आज पीएम मोदी करेंगे संवाद












Click it and Unblock the Notifications