सभी राज्यों के CM से बोले अमित शाह, लॉकडाउन को सख्ती से लागू कराएं
नई दिल्ली। कोरोना वायरस संक्रमण के बीच आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमाम राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात की है। इस दौरान गृहमंत्री अमित शाह ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्री से कहा है कि वह अपने राज्य में लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराएं। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देश के तमाम राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात की। सभी मुख्यमंत्रियों से कहा गया कि राज्यों से लॉकडाउन का उल्लंघन करने की खबरें आ रही है, लिहाजा आप अपने राज्यों में इसका सख्ती से पालन कराएं।
Recommended Video

इस बीच गृहमंत्रालय क जो रिपोर्ट सामने आई है उसमे मंत्रालय की ओर से साफ तौर पर कहा गया है कि दूसरे राज्यों में जो मजदूर हैं, उन्हें उनके गृह राज्य में भेजने की जरूरत नहीं है। रिपोर्ट के अनुसार मजदूरों की रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा किया जा सकता है। इसके साथ ही उनके परिवार की भी जरूरतों को उनके गांव में पूरा किया जा सकता है। गृह मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि अगर मजदूर वापस जाते हैं तो इससे गांवों में संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाएगा, जोकि अभी तक इस संक्रमण से काफी हद तक अछूते रहे हैं।
गृह मंत्रालय की रिपोर्ट में कहा गया है कि देश ऐसे संकट से जूझ रहा है, जिसमे कोई भी चूक जानलेवा साबित हो सकती है। यह लोगों के जीवन का मामला है। विस्थापित मजदूरों को अगर उनके घर जाने की इजाजत दी जाती है तो इससे निसंदेह संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ेगा, जिससे हालात काफी बिगड़ सकते हैं। बता दें कि यह रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में दायर की गई है। केंद्र की ओर से यह रिपोर्ट उन तमाम याचिकाओं के जवाब में दायर की गई है, जिसमे मजदूरों की समस्या को कोर्ट के सामने रखा गया है। लेकिन केंद्र का कहना है कि हम सभी राज्य सरकारों और एनजीओ के साथ मिलकर विस्थापित मजदूरों की जरूरतों को पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications