कौन हैं पंडित अमित भट्टाचार्य? जिन्होंने ट्रंप के शपथ ग्रहण का ठुकरा दिया न्योता, सामने आई ये वजह?
Who is Amit Bhattacharya: उत्तर प्रदेश के बनारस निवासी और सेनिया घराने (पौराणिक तानसेन) के प्रतिनिधि, प्रसिद्ध सरोद वादक पंडित अमित भट्टाचार्य ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह का निमंत्रण अस्वीकार कर दिया है। पं. भट्टाचार्य ने यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गैर-मौजूदगी के कारण लिया, जो समारोह में शिरकत नहीं करने वाले हैं।
पं. अमित भट्टाचार्य को 20 जनवरी को वाशिंगटन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने का निमंत्रण दिया गया था। यह न्योता राष्ट्रपति ट्रंप की शपथ ग्रहण समिति के चेयरमैन डॉ. जे. मार्क बर्न्स की ओर से 7 जनवरी को भेजा गया था। इस आयोजन में भाग लेने के लिए विश्वभर के विशिष्ट राजनयिकों और सांस्कृतिक प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।

पीएम मोदी की वजह से किया इनकार
पंडित अमित भट्टाचार्य ने इस निमंत्रण को स्वीकार करने की योजना बनाई थी और वाशिंगटन जाने के लिए चार्टर्ड विमान तक बुक करवा लिया था। लेकिन जब उन्हें पता चला कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समारोह में शामिल नहीं हो रहे हैं, तो उन्होंने भी अपनी यात्रा रद्द करने का निर्णय लिया। उनका कहना है, "जब हमारे प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में नहीं जा रहे हैं, तो हमारे जाने का कोई औचित्य नहीं है।"
कौन हैं पं. अमित भट्टाचार्य?
पं. अमित भट्टाचार्य ख्यात सरोद वादक और सेनिया घराने के अग्रणी कलाकार हैं। वह उस्ताद अलाउद्दीन खान के शिष्य पं. ज्योतिन भट्टाचार्य के पुत्र हैं और उस्ताद अलाउद्दीन खान की पुत्री व पं. रविशंकर की पत्नी, विदुषी अन्नपूर्णा के एकमात्र गंडाबंध शिष्य हैं। पं. भट्टाचार्य को "नाद ब्रह्म" का साधक माना जाता है, और उनकी संगीत यात्रा ने उन्हें वैश्विक स्तर पर ख्याति दिलाई है।
ट्रंप का पुनः राष्ट्रपति बनना
गौरतलब है कि 4 नवंबर 2024 को हुए अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप ने डेमोक्रेट उम्मीदवार कमला हैरिस को हराकर दोबारा राष्ट्रपति पद हासिल किया है। अब 20 जनवरी को वाशिंगटन में उनके शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर के शामिल होने की संभावना है।
पं. अमित भट्टाचार्य का यह निर्णय उनके राष्ट्रीय गौरव और भारतीय नेतृत्व के प्रति सम्मान को दर्शाता है, जो देशवासियों के लिए एक प्रेरणा बन सकता है।












Click it and Unblock the Notifications