आलोचनाओं के बीच, भाजपा ने मणिपुर से अफस्पा हटाने पर स्पष्ट किया अपना रुख, कहा...
मणिपुर में पहले चरण के विधानसभा चुनाव से पहले, मुख्यमंत्री एम बीरेन सिंह ने कहा कि पिछले पांच सालों में हमने राज्य में शांति सुनिश्चित की है, जिसने भविष्य में AFSPA को निरस्त करने की नींव रखी है।
इम्फाल, 26 फरवरी। मणिपुर में पहले चरण के विधानसभा चुनाव से पहले, मुख्यमंत्री एम बीरेन सिंह ने कहा कि पिछले पांच सालों में हमने राज्य में शांति सुनिश्चित की है, जिसने भविष्य में सशस्त्र बल (विशेषाधिकार) अधिनियम AFSPA को निरस्त करने की नींव रखी है। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब भाजपा की अपने चुनावी अभियानों और घोषणापत्र में अफस्पा पर चुप्पी साधने के लिए आलोचना हो रही है। बता दें कि मणिपुर की अन्य प्रमुख विपक्षी पार्टियों ने अपने प्रमुख चुनावी वादे के रूप में अफ्सपा को निरस्त करने की वकालत की है।

अफ्स्पा हटाने के लिए केंद्र को भरोसे में लेना होगा
एम बीरेन सिंह ने मीडिया से हुई बातचीत में कहा, 'म्यांमार के साथ हमारी संवेदनशील सीमा है। इसलिए अफ्सपा को हटाने के लिए केंद्र को भरोसे में लेना होगा। विद्रोही समूहों के साथ शांति वार्ता प्रक्रिया इसके लिए मार्ग प्रशस्त करेगी। राज्य सरकार को जमीनी स्थिति बनानी होगी और पिछले पांच साल से हम इस दिशा में काम कर रहे हैं। भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के पिछले पांच वर्षों ने भविष्य में AFSPA को निरस्त करने की नींव रखी है।'
यह भी पढ़ें: यूक्रेन का कैट कैफे, जो रूसी हमलों के बाद भी खुला हुआ है, जानिए क्यों
भाजपा की 40 सीटों पर जीत तय
इस बार के चुनावों में भाजपा की जीत को लेकर वह पूरी तरह आश्वस्त दिखे। उन्होंने कहा कि भाजपा 60 में से 40 सीटें जीतकर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि मणिपुर में कोई खेला नहीं होगा. बीजेपी का खेला होबे। क्या असम की तरह मणिपुर में भी भाजपा नया सीएम लाएगी? इस प्रश्न का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, 'देखो मणिपुर असम नहीं है...भाजपा की यह परंपरा रही है कि वह चुनावों से पहले सीएम चेहरा घोषित नहीं करती। इसलिए जो भी होगा वह हाईकमान तय करेगी और जो भी फैसला होगा मुझे मंजूर है।'
विपक्ष 20 सीटों पर सिमट जाएगा
बीएसएफ के फुटबॉलर से पत्रकार और फिर मणिपुरी वर्नाकुलर के एडिटर रहने के बाद राजनीति में दाखिल होने वाले बीरेन सिंह ने कहा कि हमारा लक्ष्य चुनाव जीतना है और भाजपा 60 में से 40 सीटे जीतेगी। उन्होंने कहा राज्य में कोई हंग असेंबली नहीं होगी और विपक्ष को मुश्किल से 20 सीटों पर जीत हासिल होगी।












Click it and Unblock the Notifications