कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच 20 और 21 जुलाई को रहेगी बंद
लखनऊ। कोरोना वायरस के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच आज और कल यानि 20 व 21 जुलाई को बंद रहेगी। इस बाबत हाई कोर्ट की ओर एक निर्देश जारी करके इसकी जानकारी दी गई है। ऑर्डर में कहा गया है कि लखनऊ में हाल के दिनों में लगातार कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए इलाहाबाद हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस ने निर्देश दिया है कि 20 और 21 जुलाई को कोर्ट बंद रखा जाए। यही नहीं चीफ जस्टिस ने आदेश दिया है कि 20 और 21 जुलाई को किसी भी तरह की फिजिकल फाइलिंग भी नहीं होगी।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामलों में हर रोज इजाफा हो रहा है। लखनऊ में हर रोज सैकड़ों कोरोना संक्रमण के नए मामले सामने आ रहे हैं। प्रदेश में कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए प्रदेश सरकार ने हर हफ्ते शनिवार और रविवार को पूरी तरह से लॉकडाउन लगाने का भी फैसला लिया है। बता दें कि लखनऊ में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 392 नए मामले सामने आए हैं। जिसके बाद रविवार देर रात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वास्थ्य, चिकित्सा, शिक्षा, जिला प्रशासन सहित तमाम विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।
मुख्यमंत्री ने महामारी को लेकर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज के लिए व्यवस्था में किसी भी तरह की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि संक्रमण की रोकधाम में किसी भी तरह की गलती की कोई गुंजाइश नहीं है। साथ ही एसजीपीजीआई को कोरोना को लेकर एसओपी तैयार करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने सिविल अस्पताल, राम मनोहर लोहिया अस्पताल, लोकबंधु, बलरामपुर अस्पताल के प्रभारी चिकित्सकों से भी हालात की जानकारी ली।












Click it and Unblock the Notifications