नहीं मिल पायी राज्यसभा की सीट इसलिये बेघर हुए अमर सिंह
नई दिल्ली (विवेक शुक्ला)। राज्यसभा का सदस्य ना रहने के बाद बड़े ही भारी मन से अपना लुटियन दिल्ली का बंगला खाली कर रहे हैं अमर सिंह। कभी समाजवादी पार्टी के बड़े नेता रहे अमर सिंह ने लाख कोशिशें की ताकि उन्हें कोई दल राज्य सभा में भेज दे पर यह नहीं हुआ।

अब वे अपने बंगले को धीरे-धीरे खाली कर रहे हैं। उन्होंने साऊथ दिल्ली के छतरपुर में अपना एक फार्म हाऊस बनवा लिया है। उसमें ही वे शिफ्ट कर रहे हैं।
नहीं रहे सांसद
जानकारों ने बताया कि वे लगातार अपने घर का माल अपने आशिय़ाने में भेज रहे हैं। वे करीब 15 सालों से लोधी एस्टेट के सरकारी बंगले में रह रहे थे। एक दौर में तो वे कहते थे कि वे कभी इस बंगले को नहीं छोड़ेंगे क्योंकि वे राज्यसभा में हमेशा पहुंचते रहेंगे। पर यह नहीं हुआ। वक्त बदला तो उनकी संसद सदस्यता खत्म हो गई। अब तो उन्हें बंगला भी खाली करना पड़ रहा है। उन्होंने अपने बंगले में बहुत बदलाव कर लिए थे। उसे बहुत आलीशान भी बनवा लिया था।
आपको याद होगा कि कुछ समय पहले पूर्व केन्द्रीय मंत्री अजीत सिंह ने बड़ी मुश्किल से सरकारी बंगले को खाली किया था। वे भी एक फार्म हाऊस में चले गए हैं।
इस बीच, अमर सिंह ने एक समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खूब तारीफ की है। कहा, जम्मू-कश्मीर में शानदार चुनाव कराकर मोदी ने वह काम किया है जो नेहरू नहीं कर पाए।
स्वच्छता अभियान
अपने गांव तरवां स्थित एक हाकी प्रतियोगिता के समापन समारोह में हिस्सा लेने से पहले वह मीडियाकर्मियों से मुखातिब थे। प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान की उन्होंने प्रशंसा करते हुए कहा यह बेहद सकारात्मक कदम है विरोधियों को इसकी आलोचना नहीं करनी चाहिए।
चकाचौंध में डूबे
उन्होंने समाजवादी पार्टी पर खूब व्यंग किया। कहा, मुझ पर पार्टी को बालीवुड की चकाचौंध में डुबाने का आरोप लगता था। आज प्रदेश के सीएम ही इस चकाचौंध में डूबे हैं। इतना कि उन्हे गुजरात में अप्रवासी भारतीयों के सम्मेलन में हिस्सा लेने की भी फुर्सत नहीं थी।












Click it and Unblock the Notifications