जल्द ही 18 साल के ऊपर के सभी लोगों को मिल सकती है बूस्टर डोज की मंजूरी, सरकार कर रही विचार
नई दिल्ली, 22 मार्च: भारत में कोरोना महामारी के हालात काफी हद तक कंट्रोल में हैं। जिस वजह से अब पूरे देश में रोजाना के केस की संख्या 2000 से नीचे रहती है, लेकिन चीन, साउथ कोरिया समेत कई देशों में फिर से मामले बढ़ रहे हैं, जिसने पूरी दुनिया की चिंताएं बढ़ा दी हैं। वैसे तो भारत में फ्रंटलाइन वर्कर्स और बुजुर्गों को बूस्टर डोज दी जा रही, लेकिन अब सरकार इसमें युवाओं को भी शामिल करने पर विचार कर रही है।

सूत्रों के मुताबिक भारत सरकार वयस्कों को भी बूस्टर डोज देने पर विचार कर रही है। सबसे पहले सरकार ने पुलिसकर्मियों, हेल्थ वर्कर्स और कॉमरेडिटी वाले बुजुर्गों को इसे देना शुरू किया था, लेकिन हाल ही में कॉमरेडिटी क्लॉज हटा दिया गया। ऐसे में अब 60 साल के ऊपर के सभी लोग बूस्टर डोज के लिए पात्र हो गए हैं। हालांकि बूस्टर डोज की दूसरी खुराक को 9 महीने से 39 हफ्ते के बाद ही लगाया जा रहा है।
वहीं हाल ही में भारत सरकार ने 12 साल से ऊपर के सभी लोगों को वैक्सीन लगाने की घोषणा की थी, ताकी चौथी लहर के वक्त ज्यादातर आबादी को सुरक्षित किया जा सके। एक रिपोर्ट के मुताबिक देश में 18 साल के ऊपर के 83 प्रतिशत वयस्क वैक्सीन की दोनों डोज ले चुके हैं, जबकि करीब 92 प्रतिशत लोगों को पहली डोज मिल गई है। वहीं 15-17 आयुवर्ग में 47 प्रतिशत किशोरों ने दोनों डोज लगवा ली, जबकि 76 प्रतिशत को अभी पहली डोज लगी है। वहीं 12-14 आयुवर्ग के लिए हाल ही में टीकाकरण शुरू हुआ था, जिसके तहत करीब 18 लाख वैक्सीन डोज दी जा चुकी है।
ये है देश में कोरोना की स्थिति
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों में देश में कोरोना के 1581 नए मरीज सामने आए हैं, जबकि 2,741 लोग अस्पताल से डिस्चार्ज हुए और 31 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। देश में इस वक्त कोरोना के कुल मामलों की संख्या 4,30,10,971 है।












Click it and Unblock the Notifications