'Operation Sindoor में 100 आतंकवादी का खात्मा', सर्वदलीय बैठक में राजनाथ सिंह ने की पुष्टि
All Party Meeting Today: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार द्वारा शुरू किए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर गुरुवार को केंद्र सरकार ने सर्वदलीय बैठक आयोजित की। 8 मई को यह बैठक संसद भवन में आयोजित हुई, जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
बैठक का उद्देश्य हाल ही में किए गए सैन्य अभियान की जानकारी साझा करना और आगे की रणनीति पर चर्चा करना था। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में गृहमंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, और संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू उपस्थित थे।

विपक्ष की ओर से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी, टीएमसी के सौगत रॉय, डीएमके के टी.आर. बालू, सपा के रामगोपाल यादव, आप के संजय सिंह, शिवसेना (उद्धव गुट) के संजय राऊत, एनसीपी (शरद पवार गुट) की सुप्रिया सुले, सीपीआई (एम) के जॉन ब्रिटास, और बीजेडी के सस्मित पात्रा मौजूद रहे।
इसके अलावा एलजेपी (रामविलास) के चिराग पासवान, जेडीयू के संजय झा, और एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी भी बैठक का हिस्सा बने।
All Party Meeting Today: मुख्य बिंदु (Highlights)
- केंद्र सरकार ने गुरुवार, 8 मई 2025 को 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता और आगे की रणनीति पर बुलाई सर्वदलीय बैठक
- बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की
- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी समेत विपक्ष के कई प्रमुख नेता रहे मौजूद
- बैठक में विदेश मंत्री एस. जयशंकर, गृह मंत्री अमित शाह और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी मौजूद
- ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए
- हमले में जैश-ए-मोहम्मद के बहावलपुर और लश्कर-ए-तैयबा के मुरिदके ठिकानों को निशाना बनाया गया
- कांग्रेस ने सभी निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर सरकार को पूर्ण समर्थन दिया
- प्रधानमंत्री मोदी ने तीन देशों-नॉर्वे, क्रोएशिया और नीदरलैंड्स-की यात्रा रद्द की
बैठक में सरकार ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत किए गए सैन्य अभियानों की जानकारी सभी पार्टीयों के साथ शेयर की है। 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पाहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 निर्दोष पर्यटकों की मौत के बाद भारतीय सेना ने बुधवार, 7 मई की सुबह जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में 9 आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। इनमें जैश-ए-मोहम्मद के बहावलपुर स्थित मुख्यालय और लश्कर-ए-तैयबा के मुरिदके ठिकाने प्रमुख हैं।
All Party Meeting Today: कांग्रेस समेत सभी पार्टियों का समर्थन
इस संकट की घड़ी में कांग्रेस ने अपनी सभी 'संविधान बचाओ रैलियों' और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है, और सरकार तथा भारतीय सेना को पूरा समर्थन देने का ऐलान किया है। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष की ओर से सरकार को पूरा समर्थन दिया गया है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बैठक के बाद कहा, "हम इस संकट की घड़ी में सरकार के साथ हैं।" हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि कुछ जानकारियाँ गोपनीयता के कारण साझा नहीं की गईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्तमान तनावपूर्ण हालात को देखते हुए 13 से 17 मई के बीच प्रस्तावित नॉर्वे, क्रोएशिया और नीदरलैंड्स की विदेश यात्रा रद्द कर दी है।
All Party Meeting Today: भविष्य की रणनीति पर चर्चा
बैठक के दौरान सरकार ने यह स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई आतंकवाद के खिलाफ थी और इसका उद्देश्य देश की सुरक्षा और सीमाओं की रक्षा करना है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कूटनीतिक स्तर पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय को दी गई जानकारी और समर्थन के प्रयासों की भी जानकारी दी। गृहमंत्री अमित शाह ने आतंरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उपायों पर बात की।
सर्वदलीय बैठक का संदेश साफ था-देश की सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सभी राजनीतिक दल एकजुट हैं। विपक्ष ने सरकार को पूर्ण समर्थन देने का भरोसा दिया और सरकार ने भी सभी को भरोसे में लेकर एक जिम्मेदार लोकतंत्र का परिचय दिया है।












Click it and Unblock the Notifications