तमिलनाडु असेंबली: सभी डीएमके विधायक निलंबित, मार्शल ने निकाला बाहर
चेन्नई। तमिलनाडु विधानसभा से सभी डीएमके विधायकों को एक हफ्ते के लिए निलंबित कर दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष ने ये कार्रवाई की।

विधानसभा अध्यक्ष ने की कार्रवाई
सदन में हंगामा करने और कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चलने देने से नाराज विधानसभा अध्यक्ष पी. धनपाल ने सभी 80 डीएमके विधायकों को सस्पेंड कर दिया।
इतना ही नहीं डीएमके विधायकों को विधानसभा से बाहर निकालने के लिए मार्शल का इस्तेमाल भी किया गया।
बता दें कि कुछ दिनों से डीएमके विधायक विधानसभा की कार्यवाही को सुचारु रूप से नहीं चलने दे रहे थे। बुधवार को भी हंगामा उस समय बढ़ गया जब एआईएडीएमके विधायक गुनासेकरन ने नेता विपक्ष एमके स्टालिन के कार्यक्रम 'नमाक्कु नामे' पर जिक्र किया।
स्टालिन ने सत्ता पक्ष पर उठाए सवाल
स्टालिन का नाम आते ही डीएमके विधायक नाराज हो गए और शोर मचाना शुरू कर दिया। विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने की बहुत कोशिश की।
उन्होंने कहा कि विधायक ने किसी व्यक्ति विशेष का नाम नहीं लिया है ऐसे में हंगामे की कोई वजह नहीं है।
बावजूद इसके डीएमके विधायक शांत नहीं हुए। विधानसभा अध्यक्ष ने डीएमके विधायकों को सदन से जाने के लिए कह दिया।
विधानसभा अध्यक्ष के कहने के बाद भी डीएमके विधायक विधानसभा बाहर जाने को तैयार नहीं हुए, आखिरकार स्पीकर को मार्शल बुलाना पड़ा।
सभी डीएमके विधायक एक हफ्ते के लिए सस्पेंड
मार्शल ने डीएमके के कई विधायकों को विधानसभा से बाहर निकाला, इनमें करुणानिधि के बेटे एमके स्टालिन भी शामिल थे।
WATCH: DMK MLAs marshalled out of the Tamil Nadu assembly after speaker suspended them for one week.https://t.co/S0FNr6jc5M
— ANI (@ANI_news) August 17, 2016
विधायकों के 7 दिनों तक विधानसभा से निलंबन का प्रस्ताव सदन के नेता ओ. पनीरसेल्वम ने रखा, जिसे विधानसभा अध्यक्ष ने तुरंत स्वीकार कर लिया।
हालांकि विपक्ष के नेता स्टालिन ने डीएमके विधायकों के निलंबन की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि डीएमके विधायकों को इसलिए बाहर किया गया जिससे कई अहम मुद्दों पर होने वाली बहस को टाला जा सके।












Click it and Unblock the Notifications