अखिलेश या डिंपल कौन है ज्यादा अमीर? दोनों करोड़ो के हैं मालिक, लेकिन हैं 'बे-कार'
Akhilesh-Dimple: अखिलेश यादव का आज यानि 1 जुलाई को जन्मदिन है। उन्हें सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग जन्मदिन की बधाई दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उन्हें बधाई दी है।
सीएम योगी ने सोशल मीडिया पर लिखा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई! प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि आपको सुदीर्घ जीवन और उत्तम स्वास्थ्य की प्राप्ति हो।

दोनों सोशल मीडिया पर छाए
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव दोनों ही लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज करके सदन में पहुंचे हैं। लोकसभा में दोनों का साथ दिखना चर्चा का विषय बना हुआ है। दोनों ही सोशल मीडिया पर अपनी केमिस्ट्री के लिए छाए हुए हैं।
पहली बार यूपी से कोई दंपत्ति लोकसभा पहुंचा
18वीं लोकसभा में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव और उनकी पत्नी की जोड़ी काफी चर्चा में है। उत्तर प्रदेश से पहली बार कोई पति-पत्नी एक साथ चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे हैं। अखिलेश यादव कन्नौज से सांसद हैं जबकि डिंपल यादव मैनपुरी से चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंची हैं।
दोनों रह चुके हैं पहले भी सांसद
हालांकि अखिलेश और डिंपल 17वीं लोकसभा में अलग-अलग समय पर सांसद रह चुके हैं। अखिलेश ने 2019 में आजमगढ़ से चुनाव जीता था। लेकिन डिंपल चुनाव हार गई थीं।
2022 के यूपी विधानसभा चुनाव अखिलेश ने करहल विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी, जिसके बाद अखिलेश ने लोकसभा से इस्तीफा दे दिया था। लेकिन जब मुलायम सिंह का निधन हुआ तो 2022 के उपचुनाव में मैनपुरी से डिंपल यादव ने जीत दर्ज की थी।
अखिलेश यादव की संपत्ति
2009 के लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव ने अपनी कुल संपत्ति 3,83,24,500 रुपए बताई थी। लेकिन अब अखिलेश यादव की चल संपत्ति 91291728 रुपए हो गई है। जबकि अचल संपत्ति 17.22 करोड़ रुपए हो गई है। यानि अखिलेश यादव की संपत्ति में तकरीबन पांच गुने का इजाफा हुआ है।
डिंपल यादव की संपत्ति
वहीं डिंपल यादव की संपत्ति की बात करें तो उनकी कुल संपत्ति 15.50 करोड़ रुपए है। 2022 में डिंपल की कुल संपत्ति 14.32 करोड़ रुपए थी। यानि दो साल के भीतर डिंपल की संपत्ति में तकरीबन एक करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है। डिंपल के पास 127.75 कैरेट का हीरा, 59 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति है।
अखिलेश-डिंपल के पास नहीं है कार
दिलचस्प बात यह है कि अखिलेश यादव और डिंपल यादव दोनों के पास अपनी कोई कार नहीं है। अखिलेश को अक्सर महंगी कारों से चलते हुए देखा जाता है, लेकिन यह कारें उनकी अपनी नहीं है, अखिलेश और डिंपल दोनों ही 'बे-कार' हैं।












Click it and Unblock the Notifications