Farm Laws Repealed: अखिलेश यादव का सवाल- अब कानून वापसी किसानों के हक में कैसे?
नई दिल्ली, 29 नवंबर: शीतकालीन सत्र के पहले दिन विपक्ष के भारी हंगामे के बीच लोकसभा और राज्यसभा में कृषि कानून निरसन विधेयक 2021 पारित कर दिया गया है। सदन की कार्यवाही के बाद विपक्ष ने इस मामले में सरकार पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, ''उन्होंने (केंद्र सरकार) ये कहा कि किसानों की आय दोगुनी होगी। सरकार को ये बताना चाहिए कि जिस समय किसानों ने ये आंदोलन छेड़ा था तब भाजपा का क्या रुख था और आज जब भाजपा ने कानून वापस ले लिया है तो ये किसानों के हक में कैसे हो गया?''

अखिलेश बोले- यूपी की जनता को योगी सरकार नहीं योग्य सरकार चाहिए
अखिलेश यादव ने सदन की कार्यवाही के बाद मीडिया के सामने कहा, ''700 किसानों की मौत हुई उनके परिवारों की मदद कौन करेगा? समाजवादी पार्टी ने तय किया है कि उत्तर प्रदेश में सरकार बनेगी तो 25 लाख रुपए से उन परिवारों का सम्मान किया जाएगा। उ.प्र. की जनता को योगी सरकार नहीं योग्य सरकार चाहिए। अगली बार जनता योग्य सरकार चुनेगी।''
राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने कहा कि आज इन कानूनों को निरस्त कर दिया गया है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि बिना चर्चा के कृषि कानूनों को वापस लिया गया। यह सरकार चर्चा करने से डरती है। राहुल गांधी ने तीनों कृषि कानूनों को किसानों और मजदूरों पर आक्रमण बताया। उन्होंने कहा कि ये तीनों कानून किसानों और मजदूरों पर आक्रमण था, लेकिन किसानों और मजदूरों की कठिनाइयां एमएसपी, कर्ज माफी जैसी लंबी लिस्ट है। वे अभी भी उनकी मांगें हैं, हम उनका समर्थन करते हैं। राहुल गांधी ने कहा, ''आपने कहा प्रधानमंत्री ने माफी मांगी, इसका मतलब प्रधानमंत्री ने स्वीकार किया कि उनकी गलती की वजह से 700 किसान मारे गए, उनकी गलती से आंदोलन हुआ। अगर उन्होंने गलती मानी है तो नुकसान की भरपाई तो करनी पड़ेगी।''
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, ''आने वाले विधानसभा चुनाव में राजनीतिक नुकसान दिख रहा था इसलिए उन्होंने मज़बूरी में तीनों कृषि कानूनों को रद्द करना पड़ा।''












Click it and Unblock the Notifications