आर्टिकल 370 पर बोले अखिलेश यादव - जो आज कश्मीरियों के साथ हुआ, कल हमारे साथ भी होगा
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने के बाद इसपर जमकर सियासत हो रही है। शनिवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत विपक्ष के 11 नेता श्रीनगर पहुंचे थे लेकिन प्रशासन ने उनको एयरपोर्ट से दिल्ली वापस भेज दिया था। इसको लेकर विपक्षी दलों ने मोदी सरकार पर निशाना साधा था। वहीं, सपा के राष्ट्रीय अखिलेश यादव ने भी कश्मीर के हालात पर चिंता जताई है।

वहां के लोगों की सहमति से क्यों नहीं लिया गया फैसला- अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि जो आज कश्मीरियों के साथ हुआ है, वह कल हमारे साथ भी होगा। अखिलेश यादव ने आर्किटल 370 हटाए जाने से संबंधित एक सवाल पर कहा कि आज 20 दिनों से ज्यादा हो गए और कश्मीर के लोग अपने घरों में बंद हैं। अगर केंद्र का फैसला इतना ही अच्छा था तो इसे वहां के लोगों की सहमति से क्यों नहीं लिया गया? सपा अध्यक्ष ने कहा कि वे इस मुद्दे पर लोकसभा में पहले ही बोल चुके हैं। बता दें कि अखिलेश यादव ने आर्टिकल 370 हटाए जाने के मुद्दे पर लोकसभा में बीजेपी पर निशाना साधा था।

मायावती ने उठाए थे विपक्षी नेताओं के कश्मीर दौरे पर सवाल
हालांकि, अखिलेश यादव से अलग बसपा सुप्रीमो मायावती ने विपक्ष के नेताओं के कश्मीर जाने को गलत ठहराया था। बसपा सुप्रीमो ने विपक्षी दलों के प्रतिनिधिमंडल के श्रीनगर जाने के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा था कि बिना अनुमति के कांग्रेस व अन्य पार्टियों के नेताओं का कश्मीर जाना, क्या केन्द्र व वहां के गवर्नर को राजनीति करने का मौका देने जैसा इनका यह कदम नहीं है? वहां पर जाने से पहले इस पर भी थोड़ा विचार कर लिया जाता, तो यह उचित होता।

विपक्षी नेताओं को श्रीनगर एयरपोर्ट से लौटा दिया गया था
उन्होंने ये भी कहा, 'लेकिन देश में संविधान लागू होने के लगभग 69 सालों के बाद इस आर्टिकल 370 की समाप्ति के बाद अब वहां पर हालात सामान्य होने में थोड़ा समय अवश्य ही लगेगा। इसका थोड़ा इंतजार किया जाए तो बेहतर है, जिसको माननीय कोर्ट ने भी माना है।' दरअसल, श्रीनगर एयरपोर्ट से वापस लौटाए जाने पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एतराज जताते हुए कहा था कि कश्मीर में सामान्य हालात में तो ऐसा नहीं होता है, इससे साफ है कि राज्य में सब ठीक नहीं चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications