चुनाव जीतकर संसद पहुंचे रिश्तेदार, कांग्रेस महासचिव ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जानिए मामला
कांग्रेस महासचिव अजय माकन ने कार्तिकेय शर्मा के राज्य सभा निर्वाचन को हाईकोर्ट में चैलेंज किया है। कार्तिकेय शर्मा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में संसद पहुंचे हैं।
चंडीगढ़, 18 जुलाई : हरियाणा में हाल ही में हुए राज्य सभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार कार्तिकेय शर्मा की जीत हुई है। हालांकि, कार्तिकेय शर्मा की संसदीय लाइफ इतनी आसान नहीं लग रही। उनके निर्वाचन को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई है।

कांग्रेस महासचिव अजय माकन ने कार्तिकेय शर्मा के राज्यसभा निर्वाचन को चुनौती दी है। समाचार एजेंसी ANI ने बताया कि कार्तिकेय शर्मा के राज्य सभा निर्वाचन को चुनौती देने वाली याचिका दायर करने माकन पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट पहुंचे हैं।
दिलचस्प है कि हरियाणा से नव-निर्वाचित राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा और अजय माकन रिश्तेदार हैं। 41 वर्षीय कार्तिकेय शर्मा मीडिया दिग्गज और बिजनेसमैन हैं। कांग्रेस से निष्कासित नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा के कार्तिकेय शर्मा बेटे हैं। जेसिका लाल हत्याकांड में दोषी ठहराए गए मनु शर्मा कार्तिकेय शर्मा के भाई हैं।
कार्तिकेय शर्मा पेश से एक बिजनेस मैन हैं, जिन्होंने आईटीवी नेटवर्क की स्थापना की है। मीडिया संस्थान के अलावा कार्तिकेय शर्मा का शुगर मिल और फाइव स्टार होटल का भी बिजनेस है। कार्तिकेय ने साल 2007 में आईटीवी नेटवर्क की स्थापना की थी। इनकी सभी कंपनियों के तहत 3,000 से अधिक कर्मचारी काम करते हैं। चुनावी हलफनामे के अनुसार, कार्तिकेय के पास 390.63 करोड़ रुपये की संपत्ति है। दक्षिण पश्चिम दिल्ली के समालखा में उनके पास 2.52 एकड़ कृषि भूमि भी है।












Click it and Unblock the Notifications