नागरिकता संशोधन विधेयक: लोकसभा में बिल पेश, विरोध करते दिखे AIUDF सांसद
नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज लोकसभा में नागरिकता (संशोधन) विधेयक पेश किया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह बिल पर सारे सवालों का जवाब देंगे। शाह ने कहा कि ये बिल अल्पसंख्यकों के खिलाफ नहीं है। लोकसभा में इस बिल को पारित कराना सरकार के लिए मुश्किल नहीं है लेकिन राज्यसभा में इस बिल को पारित कराने के लिए सरकार को गैर-एनडीए और गैर-यूपीए दलों पर निर्भर रहना होगा।

क्या है बिल?
इस विधेयक के तहत पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में धार्मिक उत्पीड़न के शिकार गैर मुस्लिम शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता देने का प्रावधान है। विपक्ष इस बिल का लगातार विरोध कर रहा है। इस दौरान संसद परिसर में ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) सांसद बदरुद्दीन अजमल भी नागरिकता संशोधन बिल का विरोध करते हुए दिखे हैं।

कई दल बिल का विरोध कर रहे हैं
बता दें कांग्रेस समेत कई दल इस बिल का विरोध कर रहे हैं। गुवाहाटी में भी बिल के विरोध में दुकानें बंद हैं। समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने कहा है कि वह नागरिकता संशोधन बिल का विरोध करेंगे। वहीं पूर्वोत्तर के राज्यों में भी व्यापक प्रदर्शन हो रहे हैं। काफी संख्या में लोग तथा संगठन विधेयक का विरोध कर रहे हैं।

सड़क पर उतरे लोग
बिल के विरोध में असम के गोलाघाट में लोग सड़क पर उतर आए हैं। वहीं एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि धर्मनिरपेक्षता देश की बुनियादी संरचना का हिस्सा है। यह बिल मौलिक अधिकारों का हनन करता है। एआईयूडीएफ पार्टी जंतर मंतर पर नागरिकता संशोधन बिल के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications