एयर स्ट्राइक पर मायावती ने पूछा, पीएम की लंबी चुप्पी का रहस्य क्या है?
एयर स्ट्राइक को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच बसपा सुप्रीमो मायावती ने पीएम मोदी से एक बड़ा सवाल पूछा है।
नई दिल्ली। पाकिस्तान के बालाकोट इलाके में आतंकी ठिकानों के ऊपर की गई भारतीय वायुसेना की एयर स्ट्राइक को लेकर देश में सियासी घमासान मचा हुआ है। वायु सेना की एयर स्ट्राइक में जैश-ए-मोहम्मद के 250 आतंकियों के मारे जाने के भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के दावे को लेकर विपक्ष ने सवाल खड़े कर दिए हैं। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने अमित शाह के दावे पर सवाल खड़े करते हुए पूछा है कि जब वायुसेना की तरफ से मारे गए आतंकियों को लेकर कोई आंकड़ा नहीं दिया गया तो भाजपा किस आधार पर आतंकियों की संख्या बता रही है। इस बीच बसपा सुप्रीमो मायावती ने एयर स्ट्राइक को लेकर एक बड़ा सवाल उठाया है।

पीएम मोदी पूरी तरह से चुप्पी साधे हुए हैं क्यों?
एयर स्ट्राइक को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच मायावती ने मंगलवार को ट्वीट करते हुए कहा है, 'बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह डंका पीट रहे हैं कि वायुसेना के हमले में 250 आतंकी मारे गए हैं जबकि क्रेडिट लेने के लिए हमेशा आतुर इनके गुरु पीएम श्री मोदी पूरी तरह से चुप्पी साधे हुए हैं क्यों? आतंकी मौत के घाट उतारे गए अच्छी बात है परंतु पीएम की लंबी चुप्पी का रहस्य क्या है?' इससे पहले सोमवार को मायावती ने ट्वीट किया था, 'पीएम मोदी का रैलियों में कहना है कि पाक के साथ लड़ाई में राफेल विमान बहुत काम आ सकता था। ऐसी बात थी तो पिछले 5 वर्षों के इनके शासन में एक भी राफेल विमान क्यों नहीं भारतीय बेड़े में शामिल किया गया? बीजेपी द्वारा भी देश की रक्षा व सुरक्षा के साथ ऐसा खिलवाड़ क्यों?'

अमित शाह ने कहा, मारे गए 250 आतंकी
आपको बता दें कि सोमवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का बयान आया कि भारतीय वायुसेना की एयर स्ट्राइक में पाकिस्तान में जैश-ए-मोहम्मद के 250 से ज्यादा आतंकी मारे गए। शाह ने कहा कि हमारी सेना ने बगैर नुकसान उठाए, आतंकियों का सफाया करने में कामयाबी हासिल की है। अमित शाह के इस बयान के बाद देश का सियासी पारा चढ़ गया। कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने ट्वीट कर कहा, 'भारतीय वायुसेना के दावे के उलट अमित शाह का 250 आतंकियों के मारे जाने का दावा क्या सेना पर उनकी राजनीति नहीं है।' कपिल सिब्बल ने भी ट्वीट करते हुए कहा, 'विदेश के मीडिया में किसी आतंकी के मरने की खबर नहीं, लेकिन आप अपनी राजनीति चमका रहे हैं।'

'गिनती करना हमारा काम नहीं'
वहीं, सोमवार को वायुसेना अध्यक्ष बीएस धनोआ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा, 'एयर स्ट्राइक में कितने आतंकी मारे गए, ये गिनना हमारा काम नहीं, सरकार इसपर जवाब देगी। हमने पाकिस्तान के बालाकोट में अपने टारगेट को हिट किया और हमले में आतंकी ठिकाने तबाह हुए, जिससे बौखलाकर पाकिस्तान ने जवाब दिया। अगर वायुसेना के बम जंगल में गिरे होते तो पाकिस्तान का जवाब नहीं आता।' आपको बता दें कि एयर स्ट्राइक के बाद मीडियो में खबरें आईं कि भारतीय वायुसेना की कार्रवाई में 250 से 300 आतंकी मारे गए हैं। हालांकि आधिकारिक तौर पर मारे गए आतंकियों की संख्या को लेकर कोई बयान नहीं आया। इसके बाद मामले पर राजनीति शुरू हो गई।












Click it and Unblock the Notifications