Air India की हालत खस्ता! दोहा-कालीकट फ्लाइट में खराबी, वापस लौटी, बचे 188 यात्री, 36 घंटे में 3 घटना
Air India Express Flight IX 375: एयर इंडिया एयरलाइन्स पर घिरे संकट के बादल छटने का नाम नहीं ले रहे हैं। पिछले 36 घंटे के अंदर फ्लाइट संबंधित तीसरी घटना सामने आई है। बताया गया है कि एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX 375, जो बुधवार(23 जुलाई) सुबह कालीकट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दोहा के लिए रवाना हुई थी, तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने के लगभग दो घंटे बाद वापस लौट आई।
इस घटना से यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। आपको बता दें कि, 21 जुलाई को कोच्चि से मुंबई की फ्लाइट रनवे पर रास्ता भटकी, 22 जुलाई को हांगकांग से दिल्ली की फ्लाइट में लैंडिंग के बाद आग लगी थी। तीनों हादसों में यात्रियों की जान बच गई। इससे पहले, 12 जून को अहमदाबाद में हुए हादसे में 260 की मौतें, आज भी एयर इंडिया से हिसाब मांग रही है।

तकनीकी खराबी ने रोकी उड़ान
हवाई अड्डा अधिकारियों के मुताबिक, उड़ान IX 375 ने सुबह 9:07 बजे 188 यात्रियों और चालक दल के साथ कालीकट से उड़ान भरी। लेकिन, तकनीकी खराबी के कारण विमान को सुबह 11:12 बजे कालीकट हवाई अड्डे पर वापस उतारना पड़ा। एक अधिकारी ने बताया, 'केबिन के एयर कंडीशनिंग सिस्टम में समस्या थी। यह आपातकालीन लैंडिंग नहीं, बल्कि एहतियाती कदम था।'
विमान के वापस लौटने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने तुरंत वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था शुरू की। प्रवक्ता ने कहा, 'यह तकनीकी खराबी के कारण एहतियाती लैंडिंग थी। हमने दोपहर 1:30 बजे तक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की है। तब तक यात्रियों के लिए हवाई अड्डे पर भोजन और पानी उपलब्ध कराया गया है।'
36 घंटों में तीन घटनाएं
पिछले 36 घंटों में एयर इंडिया से जुड़ी यह तीसरी घटना है, जिसने यात्रियों और विमानन क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है:-
- 21 जुलाई 2025: कोच्चि से मुंबई जा रही एयर इंडिया की उड़ान AI-2744 (एयरबस A320) रात 10:45 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गई। विमान घास पर चला गया, जिसके कारण रनवे को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। सौभाग्यवश, 149 यात्रियों और 7 क्रू मेंबर्स में से कोई घायल नहीं हुआ।
- 22 जुलाई 2025: हांगकांग से दिल्ली आने वाली एयर इंडिया की उड़ान AI-315 (एयरबस) ने सुबह 6:30 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंडिंग की। लैंडिंग के बाद, टर्मिनल 3 के गेट 42 पर पार्किंग के दौरान विमान की सहायक विद्युत इकाई (APU) में आग लग गई। APU वह सिस्टम है जो जमीन पर विमान को बिजली और एयर कंडीशनिंग प्रदान करता है। सभी यात्री सुरक्षित रहे।
- 23 जुलाई 2025: दोहा-कालीकट उड़ान IX 375 की तकनीकी खराबी ने यात्रियों को परेशान किया।
अहमदाबाद हादसे के बाद बढ़ी सतर्कता
यह घटना हाल के महीनों में भारतीय विमानन क्षेत्र में एहतियाती लैंडिंग की बढ़ती घटनाओं की कड़ी में शामिल हो गई है। इससे पहले, जून 2025 में अहमदाबाद में हुए एक विमान हादसे ने सुरक्षा प्रोटोकॉल की अहमियत को और रेखांकित किया था। उस दुर्घटना में एयर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर के ईंधन नियंत्रण स्विच में खराबी को कारण बताया गया था, जिसमें 260 लोग मारे गए थे।
इस बीच, एयर इंडिया ने एक बयान जारी कर कहा कि उनके बोइंग बेड़े के ईंधन नियंत्रण स्विच के लॉकिंग तंत्र की जांच में कोई खराबी नहीं पाई गई। एयरलाइन ने अपने बोइंग 787 ड्रीमलाइनर और सहायक इकाई एयर इंडिया एक्सप्रेस के बोइंग 737 विमानों का पूरी तरह निरीक्षण किया।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की इस घटना ने एक बार फिर विमानन क्षेत्र में सुरक्षा और रखरखाव के महत्व को उजागर किया है। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए एयरलाइन द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई, लेकिन बार-बार होने वाली तकनीकी खराबियां यात्रियों के विश्वास पर सवाल उठा रही हैं।
ये भी पढ़ें- Air India Crash: UK पैसेंजर्स के शवों की अदला-बदली? आरोप-'गलत शव भेजे गए', 260 लाशों के DNA-पहचान में झोल!












Click it and Unblock the Notifications