Air India Crash:अब तक कितने DNA सैंपल लिए गए? विजय रूपाणी के शव की शिनाख्त हो पाई या नहीं, जानें अपडेट
Air India Crash 2025 Update News: अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट A1 171 हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 275 हो गई है। रविवार 15 जून की सुबह तक 248 शवों के DNA सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से 31 सैंपल की पहचान हो चुकी है और 20 शव परिजनों को सौंपे जा चुके हैं, साथ ही डेथ सर्टिफिकेट भी जारी कर दिए गए हैं। इस हादसे में मारे गए गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की DNA रिपोर्ट भी आ गई है। उनके शव की शिनाख्त हो गई है।
Vijay Rupani latest news: विजय रूपाणी के बेटे ऋषभ रूपाणी ने शनिवार (14 जून) को DNA टेस्ट के लिए ब्ल्ड सैंपल बीजे मेडिकल कॉलेज में दिए थे। विजय रूपाणी का अंतिम संस्कार राजकोट में होना है। परिजनों को शव सौंपने के लिए सुरक्षित डिलीवरी की व्यवस्था की गई है। 230 टीमें मृतकों के परिजनों से सीधे संपर्क में हैं।192 एम्बुलेंस और अन्य वाहन स्टैंडबाय पर रखे गए हैं।

शवों को सिक्योरिटी कवर के साथ एम्बुलेंस से उनके होमटाउन पहुंचाया जा रहा है। 170 ताबूतों का ऑर्डर दिया गया है। इनमें से 100 ताबूत वडोदरा से अहमदाबाद लाए जा चुके हैं, जबकि बाकी का निर्माण जारी है।
विदेशी नागरिकों के परिजन पहुंचेंगे आज अहमदाबाद
इस हादसे में जान गंवाने वाले विदेशी नागरिकों के परिजनों में से 11 परिवार आज अहमदाबाद पहुंच सकते हैं, जिनके लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। इस हादसे में 53 ब्रिटिश नागरिक, 7 पुर्तगाली यात्री और 1 कनाडाई यात्री मारे गए हैं। सिर्फ एक भारतीय मूल का ब्रिटिश नागरिक रमेश विश्वास कुमार इस हादसे में बच पाए हैं। असल में विमार में सवार कुल 242 लोगों में से 241 लोगों की मौत हो चुकी है।
एयर इंडिया फ्लाइट क्रैश की जांच रिपोर्ट कब कर आएगी?
शनिवार (14 जून) को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने जानकारी दी कि एयर इंडिया विमान हादसे की जांच के लिए केंद्रीय गृह सचिव की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया गया है। मंत्री राम मोहन नायडू ने बताया कि यह दुर्घटना एयरपोर्ट से करीब 2 किलोमीटर की दूरी पर हुई थी और हर संभावित पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।
ब्लैक बॉक्स से मिले सुराग
हादसे के बाद शुक्रवार शाम 5 बजे ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है। इस ब्लैक बॉक्स की मदद से दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा सकेगा। प्रारंभिक जांच के मुताबिक 650 फीट की ऊंचाई पर तकनीकी खराबी आई थी, जिसके तुरंत बाद पायलट ने इमरजेंसी कॉल दी थी।
3 महीने में रिपोर्ट
मंत्री राम मोहन नायडू ने स्पष्ट किया कि गठित जांच समिति को तीन महीनों के भीतर अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंपनी होगी। इस जांच टीम में DGCA (नागर विमानन महानिदेशालय) और IB (इंटेलिजेंस ब्यूरो) के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं।
अगली बैठक 16 जून को
इस बीच, नागरिक उड्डयन सचिव एस.के. सिन्हा ने बताया कि जांच प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है, और 16 जून को जांच अधिकारियों की एक अहम बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आगे की दिशा तय की जाएगी।
हादसे के बाद, DGCA के निर्देश पर एयर इंडिया ने अपनी बोइंग 787 ड्रीमलाइनर फ्लीट की वन-टाइम सेफ्टी चेकिंग शुरू कर दी है। एयर इंडिया के पास कुल 33 बोइंग 787 विमान हैं (26 ड्रीमलाइनर‑8 और 7 ड्रीमलाइनर‑9)। अब तक 9 विमानों की जांच हो चुकी है, जबकि 24 की सेफ्टी चेकिंग बाकी है।












Click it and Unblock the Notifications