सोनिया से निराश हैं अहमद पटेल के बेटे फैसल, कांग्रेस को दे सकते हैं झटका, अमीषा पटेल से जुड़ चुका है नाम
नई दिल्ली, 5 अप्रैल: एक समय कांग्रेस की फर्स्ट फैमिली के सबसे करीबी और पार्टी के चाणक्य माने जाने वाले अहमद पटेल के बेटे फैसल पटेल ने कांग्रेस आलाकमान के प्रति निराशा जताई है। उन्होंने आज एक ट्वीट करके गुजरात चुनाव से पहले कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अहमद पटेल गुजरात के भरूच जिले से जुड़े थे और अगर उनके बेटे कांग्रेस के अलावा कोई दूसरा विकल्प तलाशते हैं तो पहले से ही परेशानियों के पहाड़ का सामना कर रही है कांग्रेस के लिए गुजरात में भी नया टेंशन शुरू हो सकता है। वैसे भी आम आदमी पार्टी गुजरात में जिस तरह से अपनी गतिविधियां बढ़ा रही है, वह कांग्रेस के लिए बहुत बड़ी चुनौती बन चुकी है।

पार्टी नेतृत्व से निराश हैं अहमद पटेल के बेटे फैसल
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल के बेटे फैसल पटेल पार्टी आलाकमान से निराश हैं। मंगलवार को उन्होंने एक ट्वीट किया है, जो गुजरात चुनाव से पहले कांग्रेस को बहुत बड़ा झटका लगने का संकेत है। उन्होंने कहा है कि वह 'इंतजार करके थक चुके हैं।' उन्होंने चुनावों से पहले अपने विकल्प खुले रहने की बात कही है। अहमद पटेल का निधन 2020 में हो गया था, जो लंबे वक्त तक पार्टी में सोनिया गांधी और उनके बेटे राहुल गांधी के बाद सबसे महत्वपूर्ण नेता थे। गांधी परिवार के अलावा पार्टी में सिर्फ वही एकमात्र शख्स थे, जिनके इशारे के बिना कांग्रेस में पत्ते को भी हिलने की इजाजत नहीं थी। लेकिन, उनकी मौत के एक साल से कुछ ही ज्यादा वक्त गुजरे हैं और उनके बेटे पार्टी से मायूस हो चुके हैं।
Recommended Video

मैं अपना विकल्प खुला रख रहा हूं-फैसल पटेल
फैसल पटेल ने मंगलवार को एक ट्वीट करके लिखा है, 'इंतजार करते-करते थक चुका हूं। आलाकमान से कोई प्रोत्साहन नहीं। मैं अपना विकल्प खुला रख रहा हूं।' कांग्रेस के लिए यह इसलिए बड़ा झटका है, क्योंकि पार्टी पहले से ही पंजाब, झारखंड और महाराष्ट्र में अंदरूनी संकट झेल रही है। गुजरात में इसी साल के अंत में चुनाव हैं और अहमद पटेल राज्य में कांग्रेस के एक बड़े मुस्लिम चेहरा रहे हैं, जो पर्दे के पीछे की राजनीति के लिए देशभर में चर्चित थे। फैसले के इस ट्वीट के बाद आम आदमी पार्टी के संयजोक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ उनकी एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसके चलते कयास लगाए जा रहे हैं कि वो उनकी पार्टी के साथ जा सकते हैं और संभवत: गुजरात की भरूच सीट से चुनावी राजनीति की शुरुआत कर सकते हैं।

भरूच और नर्मदा में चुनाव यात्रा शुरू करने वाले थे
वैसे फैसल ने हाल ही में यह भी कहा था कि वह औपचारिक तौर पर कांग्रेस में शामिल होने के लिए निश्चित नहीं हैं। हालांकि, पिछले 27 मार्च को अपने ट्वीट में उन्होंने पहली अप्रैल से गुजरात के भरूच और नर्मदा जिलों की 7 विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा करने की योजना भी बताई थी। इस ट्वीट में उन्होंने अपना लक्ष्य इन सातों सीटें पर जीत बताया था। लेकिन, 30 मार्च के ट्वीट में उन्होंने रमजान की वजह से भरूच विधानसभा क्षेत्र की यात्रा को कुछ दिनों के लिए टालने की बात कही थी। (पहली और तीसरी तस्वीर सौजन्य: @mfaisalpatel)

कौन हैं फैसल पटेल ?
फैसल पटेल कांग्रेस के दिवंगत वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के बेटे हैं। 41 वर्षीय फैसल के ट्विटर पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक उन्होंने दून स्कूल से पढ़ाई के बाद हार्वर्ड से बिजनेस की पढ़ाई की है। वह सामाजिक कार्यों से भी जुड़े रहे हैं। वे खुद को बिजनेस एंटरप्रेन्योर बताते हैं और हेल्थकेयर, एजुकेशन और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में बदलाव के लिए काम करने में दिलचस्पी रखने की बात करते हैं।

अमीषा पटेल से जुड़ चुका है नाम
बीते दिसंबर महीने की बात है। फैसल पटेल ने बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल के लिए सोशल मीडिया पर कुछ ऐसा लिखा कि सनसनी मच गई। उन्होंने सार्वजनिक तौर पर अमीषा पटेल को शादी के लिए प्रपोज कर दिया था। उन्होंने जन्मदिन पर अमीषा पटेल की शुभकामनाओं के जवाब में लिखा था, 'धन्यवाद अमीषा पटेल। मैं सार्वजनिक रूप से औपचारिक तौर पर प्रपोज कर रहा हूं। क्या तुम मुझ से शादी करोगी?' हालांकि, कुछ देर बाद उन्होंने यह ट्वीट डिलीट कर दिया, लेकिन तब तक यह वायरल हो चुका था।












Click it and Unblock the Notifications