मोदी के एपी, एफएपी वाले बयान पर बोले अहमद पटेल, ये गटर लेवल पॉलिटिक्स
नई दिल्ली। अगस्ता वेस्टलैंड मामले में प्रवर्तन निदेशालय के आरोप पत्र में आरजी, एपी और एफएएम को कांग्रेस नेताओं से जोड़ने को अहमद पटेल ने गंदी राजनीति कहा है। कांग्रेस सांसद अहमद पटेल ने कहा कि अगर हम दोषी हैं तो कार्रवाई की जाए, ये गटर लेवल की राजनीति मोदी बंद करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी रैली में अगस्ता वेस्टलैंड घोटाले से जुड़ी चार्जशीट में एपी और एफएएम का जिक्र करते हुए कहा कि एपी का मतलब अहमद पटेल जबकि एफएएम का मतलब फैमिली (गांधी परिवार) है।

नरेंद्र मोदी के आरोपों पर अहमद पटेल ने कहा, हमे न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। यदि हम कहीं पर भी दोषी हैं तो हम पर कार्रवाई हो। लेकिन ये आरोप किनके मुंह से निकल रहा है। नरेंद्र मोदी को सब जानते हैं, वह गटर लेवल की पॉलिटिक्स करते हैं। चुनाव का मौसम है और कुछ भी कहा जा रहा है, बेवजह का मुद्दा बनाया जा रहा है।
नरेंद्र मोदी ने देहरादून में एक चुनावी रैली में कहा कि अगस्ता वेस्टलैंड घोटाले से क्रिश्चियन मिशेल कांग्रेस के भ्रष्टाचार की पोल खोल रहा है। मोदी ने कहा कि बोफोर्स तोपें या हथियारों से संबंधित ऐसा सौदा खोजना मुश्किल है जिसमें इस पार्टी के कमीशन लेने की खबरें न आती हों। इटली के मिशेल मामा से एजेंसियों ने कई हफ्ते पूछताछ की है जिसके आधार पर अदालत में आरोप पत्र दायर किया गया है। इन दलालों ने जिन लोगों को घूस देने की बात कही है उनमें से एक एपी और दूसरा एफएएम है। एपी का मतलब है अहमद पटेल और एफएएम का मतलब है फैमिली। सबको पता है कि अहमद पटेल कौन हैं और किस फैमिली के करीबी हैं।
यहां क्लिक करें और पढ़ें लोकसभा चुनाव 2019 की विस्तृत कवरेज












Click it and Unblock the Notifications