अयोध्या पर फैसले से पहले PM मोदी की मंत्रियों को नसीहत, कहा- अनावश्यक बयानबाजी से बचें
नई दिल्ली। अयोध्या मुद्दे पर सर्वोच्च न्यायालय के फैसला आने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को दिल्ली में अपने मंत्रिपरिषद के साथ चर्चा की। सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी ने मंत्रियों को इस विषय पर अनावश्यक बयान देने से बचने और देश में सद्भाव बनाए रखने के लिए कहा है। कोर्ट के फैसले से पहले देश में किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जा रही है। अयोध्या मसले पर जल्द ही सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने की उम्मीद है।

अयोध्या केस में सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले केंद्र सरकार ने पार्टी के सभी सांसदों और मंत्रियों को अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में रहने को कहा है। इसके साथ ही फैसले के कुछ दिनों बाद शांति-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। सुप्रीम कोर्ट में अयोध्या मुद्दे पर फैसले की घड़ियां जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही है, प्रदेश में कानून-व्यवस्था कायम रखने वाली एजेंसियां भी पूरी तरह से मुस्तैद हो रही है।
27 अक्टूबर को अपने "मन की बात" रेडियो कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा था कि, 2010 में इलाहाबाद उच्च न्यायालय का फैसला आने से पहले जब समाज में दरार पैदा करने के प्रयास किए गये तो कैसे राजनीतिक दलों और समाज के अन्य लोगों ने एकजुटता को बनाये रखने के लिए परिपक्व भूमिका निभायी। उन्होंने कहा कि यह इस बात की मिसाल है कि कैसे एकजुट स्वर से देश को मजबूत किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications