लोकसभा चुनाव के नतीजों से पहले तेलंगाना में BRS की बड़ी जीत, कांग्रेस को लगा बड़ा झटका
लोकसभा चुनाव के नतीजे आने से पहले तेलंगाना में विपक्षी दल बीआरएस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पार्टी ने महबूबनगर एमएलसी उपचुनाव में जीत दर्ज की है। पार्टी की इस जीत से बीआरएस प्रमुख और तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव काफी खुश नजर आ रहे हैं।
बीआरएस उम्मीदवार नवीन कुमार रेड्डी ने उपचुनाव में 762 वोट हासिल किए हैं जबकि कांग्रेस उम्मीदवार एम जीवन रेड्डी को 653 वोट मिले। जबकि निर्दलीय उम्मीदवार को सिर्फ एक वोट मिला। चुनाव में कुल मान्य वोट की संख्या 1416 थी।

लोकसभा चुनाव के नतीजों से पहली बीआरएस के लिए यह जीत कई मायनों में अहम है। इस जीत ने पार्टी का मनोबल बढ़ाने का काम किया है। उपचुनाव में बीआरएस की जीत कांग्रेस के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि महबूबनगर सीएम रेवंत रेड्डी का गृह जिला है।
महबूबनगर विधान परिषद का उपचुनाव 28 मार्च को हुआ था। हालांकि मतगणना 2 अप्रैल को होनी थी, लेकिन लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता लागू होने की वजह से इसे 2 जून तक के लिए टाल दिया गया था।
महबूबनगर से के नायारण रेड्डी ने इस्तीफा दे दिया था, उन्होंने विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी, जिसके बाद यह सीट खाली हो गई थी। बीआरएस की जीत के बाद पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव ने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले से एमएलसी का चुनाव जीतना हमारे लिए गर्व की बात है।
यह जीत हमारे लिए ना सिर्फ खुशी लेकर आई है बल्कि हमारी जिम्मेदारी को भी बढ़ाने वाली है। हमें भरोसा है कि यह जीत सिर्फ शुरुआत है, आने वाले भविष्य में हमें इस तरह के और भी नतीजे देखने को मिलेंगे।
उपचुनाव के नतीजों के बाद प्रदेश सरकार में मंत्री और कांग्रेस नेता जे कृष्ण राव ने कहा कि उपचुनाव में बीआरएस उम्मीदवार की जीत हुई है लेकिन कांग्रेस ने यहां नैतिक जीत हासिल की है। कांग्रेस लोकसभा चुनाव में 17 में से अधिकतर सीटों पर जीत दर्ज करने जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications