ED की 8 घंटे चली पूछताछ के बाद बोले अहमद पटेल- 'मोदी-शाह के मेहमान घर आए थे, सबका जवाब दिया'
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद अहमद पटेल से संदेसरा ग्रुप के 14,500 करोड़ से ज्यादा के बैंक घोटाला मामले में उनका बयान दर्ज किया है। अहमद पटेल के आवास पर करीब 8 घंटे चली पूछताछ के बाद कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है। अहमद पटेल ने कहा कि जिनके घर शीशे के हों उनको दूसरों के घर पत्थर नहीं मारना चाहिए। उन्होंने कहा, मोदी और शाह के मेहमान घर आए थे।

बता दें कि संदेसरा ग्रुप के 14,500 करोड़ से ज्यादा के बैंक घोटाला मामले में ऐसा आरोप है कि अहमद पटेल संदेसरा ग्रुप के मालिक चेतन और नितिन संदेसरा के काफी करीब हैं। घोटाले के बाद से ही अहमद पटेल ईडी के निशाने पर हैं। इससे पहले ईडी ने इस मामले में अहमद के बेटे फैजल और दामाद इरफान सिद्दीकी से भी पूछताछ कर चुकी है। बैंक घोटाला मामले में अहमद पटेल को ईडी के तरफ से पहले ही अपना बयान दर्ज कराने को कहा गया था लेकिन कोरोना वायरस संक्रमण और उम्र का हवाला देकर वह प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष उपस्थित नहीं हुए थे। इसलिए शनिवार को ईडी ने खुद उनके घर आकर संदेसरा बैंक घोटाले मामले में कांग्रेस नेता का बयान दर्ज किया।
कांग्रेस नेता अहमद पटेल से ईडी ने उनके आवास पर 8 घंटे लंबी पूछताछ की। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। पटेल ने कहा, आज मेरे घर प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के दोस्त आए थे। उन्होंने मुझसे जो कुछ भी पूछा मैंने उनके सारे सवालों का जवाब दिया है। अहमद पटेल ने आगे कहा कि केंद्र सरकार अपनी नाकामियां छिपाने के लिए अब विपक्ष पर हमला कर रही है।
मंगलवार को फिर होगी पूछताछ
उन्होंने कहा, मुझे इन अधिकारियों के लिए दया आती है जिनका इस्तेमाल असल मुद्दों पर से ध्यान भटकाने के लिए किया जा रहा है। ऐसे समय पर जब चीन ने भारत की जमीन पर कब्जा कर लिया है, सरकार को चाहिए की वह अपनी जमीन वापस हासिल करे लेकिन वह इस समय विपक्ष के नेताओं के पीछे पड़ी है। बता दें कि बैंक घोटाला मामले में ईडी कांग्रेस सांसद से मंगलवार को फिर पूछताछ करेगी।
यह भी पढ़ें: शरद पवार ने कांग्रेस को याद दिलाया 1962 का भारत-चीन युद्ध, बोले- हमें अतीत को भी याद रखना होगा












Click it and Unblock the Notifications