Article 370: किसी भी तरह की हिमाकत का माकूल जवाब दिया जाएगा- नौसेना
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर में आर्टिकल 370 हटाए जाने के बाद नौसेना ने शनिवार को चेतावनी दी है कि किसी भी तरह की हिमाकत का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। डेप्युटी चीफ ऑफ नेवल स्टाफ मुरलीधर पवर ने कहा कि तटीय इलाकों की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है और सुरक्षाकर्मी लगातार पैनी नजर बनाए हुए हैं, लिहाजा किसी भी तरह की हिमाकत का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। नौसेना की ओर से यह बयान ऐसे समय में आया है जब सरकार ने घाटी से आर्टिकल 370 को हटा दिया है और प्रदेश को दो अलग-अलग यूनियन टेरिटरीज में विभाजित कर दिया है।

पवार ने कहा कि नौसेना हाई अलर्ट पर है, हम किसी को भी हराने के लिए तैयार हैं, किसी भी तरह की आतंकी गतिविधि का जवाब देने के लिए हम तैयार हैं। किसी ने भी अगर हिमाकत करने की कोशिश की तो उसे सेना का सामना करना पड़ेगा। सूत्रों की मानें तो पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन अपने आतंकियों को ट्रेनिंग दे रहे हैं, जिससे कि वह समुंदरी जिहाद की शुरुआत कर सके। शुक्रवार को आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सभी नेवल स्टेशन को भी हाई अलर्ट पर कर दिया गया है। साथ ही किसी भी तरह की चुनौती का सामना करने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है।
इसके अलावा सेना और वायुसेना को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। बता दें कि एयरक्राफ्ट आईएनएस विक्रमादित्य, न्युक्लियर सबमरीन चक्र, 60 जहाज, 80 एयरक्राफ्ट को भी नॉर्थ अरेबियन सी में तैनात किया गया है। जिससे कि पुलवाम की तरह की किसी भी घटना से निपटने के लिए तैयार रहा जाए। गौर करने वाली बात है कि पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारतीय वायुसेना ने काउंटर टेरर ऑपरेशन चलाया था, जिसमे जैश के कई आतंकी बालाकोट में ढेर हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications