जम्मू-कश्मीर कैबिनेट में फेरबदल पर बोले राम माधव, निर्मल सिंह होंगे विधानसभा अध्यक्ष
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर की महबूबा मुफ्ती कैबिनेट में अहम फेरबदल हुआ है। सोमवार को हुए शपथ ग्रहण समारोह में बीजेपी कोटे के 6 मंत्रियों ने शपथ ली। इस बात की जानकारी बीजेपी नेता और पार्टी के महासचिव राम माधव ने दी है। उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देने वाले निर्मल सिंह जम्मू-कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष होंगे। निर्मल सिंह की जगह पर कविंदर गुप्ता ने जम्मू-कश्मीर के डिप्टी सीएम पद की शपथ ली है। जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कैबिनेट फेरबदल पर कहा कि एक नई टीम आ गई है। पुरानी टीम ने भी अच्छा काम किया था। नई टीम में युवा और शिक्षित लोग हैं और मुझे उम्मीद है कि वे बेहतर काम करेंगे।

बीजेपी कोटे के 6 मंत्रियों ने ली शपथ: राम माधव
बीजेपी नेता राम माधव ने बताया कि बीजेपी-पीडीपी गठबंधन सरकार ने लगभग तीन साल पूरे कर लिए हैं। हमने कैबिनेट में फेरबदल को लेकर योजना बनाई थी। इसके पीछे अहम वजह यही थी कि हमने सोचना कि विधायकों को राज्य कैबिनेट में शामिल होने का अनुभव होना चाहिए। उन्होंने कहा कि फेरबदल उम्मीद से बड़ा हो गया। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि हमारे दो मंत्रियों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। राम माधव ने बताया कि बीजेपी कोटे के 6 मंत्रियों ने शपथ ग्रहण किया है।

कविंदर गुप्ता जम्मू-कश्मीर के नए डिप्टी सीएम
महबूबा मुफ्ती सरकार में हुए फेरबदल में सोमवार को बीजेपी कोटे के जिन मंत्रियों को कैबिनेट में शामिल किया गया उनमें कविंदर गुप्ता को डिप्टी सीएम बनाया गया। इनके अलावा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और जम्मू पश्चिम से विधायक सत शर्मा, सांबा से विधायक डीके मान्याल, सुनील शर्मा, कठुआ विधायक राजीव जसरोटिया और डोडा विधायक शक्ति परिहार ने मंत्री पद की शपथ ली है। वहीं पीडीपी कोटे से मोहम्मद अशरफ मीर और मोहम्मद खलील को भी कैबिनेट में शामिल किया गया है।

फेरबदल पर सीएम महबूबा मुफ्ती ने क्या कहा
जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कैबिनेट फेरबदल पर कहा कि एक नई टीम आ गई है। पुरानी टीम ने भी अच्छा काम किया था। नई टीम में युवा और शिक्षित लोग हैं और मुझे उम्मीद है कि वे बेहतर काम करेंगे। इससे पहले जम्मू-कश्मीर का उपमुख्यमंत्री बनाए जाने और जिम्मेदारी मिलने पर कविंदर गुप्ता ने कहा कि पार्टी ने मुझे अहम जिम्मेदारी दी है। मेरी पूरी कोशिश होगी कि मैं जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोगों की आकांक्षाओं पर खरा उतर सकूं।












Click it and Unblock the Notifications