विदेश मंत्रालय ने पूर्व नौसैनिकों की रिहाई के लिए PM Modi को श्रेय दिया, 14 फरवरी को कतर जाएंगे पीएम
PM Modi Qatar Visit: मुस्लिम देश कतर से आठ पूर्व भारतीय नौसैनिकों की रिहाई हो चुकी है। जिनमें से 7 भारत लौट आए हैं। कतर में उनको मौत की सजा सुनाई गई थी। जिसको बाद में उम्रकैद में बदल दिया। ये लोग कतर में जासूसी के आरोप में सजा काट रहे थे।
अब इस मामले के बाद विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कतर में मौत की सजा पाए आठ पूर्व नौसेना कर्मियों के मामले की व्यक्तिगत रूप से निगरानी की। उन्होंने यह भी कहा कि पीएम मोदी पूर्व नौसैनिकों की वापसी सुनिश्चित करने के लिए किसी भी पहल से कभी पीछे नहीं हटे।

बता दें कि कतर में इन भारतीयों को अगस्त 2022 में हिरासत में लिया गया था। पिछले साल कतर की कोर्ट ने उनको जासूसी के मामले में दोषी ठहराते हुए फांसी की सजा सुनाई थी। हालांकि बाद में भारत सरकार के हस्तक्षेप के बाद इस सजा को कम कर दिया गया था।
पूर्व नौसैनिकों की रिहाई ऐसे वक्त हुई है, जब 14 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कतर की राजधानी दोहा जा रहे हैं। बता दें कि पीएम मोदी यूएई के दौरे के बाद कतर की यात्रा करेंगे।
इधर, भारतीयों की वतन वापसी पर विदेशी सचिव ने कहा कि हम उनमें से सात भारतीय नागरिकों को वापस पाकर खुश हैं। आठवें भारतीय नागरिक को भी रिहा कर दिया गया है और हम कतर सरकार के साथ काम करना जारी रखेंगे, यह देखने के लिए कि उसकी भारत वापसी कितनी जल्दी संभव होगी।"
उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री ने स्वयं व्यक्तिगत रूप से इस मामले में सभी घटनाक्रमों की लगातार निगरानी की है और ऐसी किसी भी पहल से कभी पीछे नहीं हटे हैं, जब तक भारतीय नागरिकों की घर वापसी सुनिश्चित नहीं हुई।"
पीएम नरेंद्र मोदी की कतर यात्रा
नौसेना के दिग्गजों की रिहाई की घोषणा के तुरंत बाद नई दिल्ली ने 14 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कतर की राजधानी दोहा की यात्रा की घोषणा की।
विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने एक मीडिया ब्रीफिंग में कहा, "संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की अपनी यात्रा पूरी करने के बाद प्रधानमंत्री 14 फरवरी दोपहर को कतर की राजधानी दोहा की यात्रा करेंगे।" पीएम मोदी कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी और अन्य उच्च गणमान्य व्यक्तियों के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
बता दें कि पिछले साल आठ पूर्व भारतीय नौसेनाकर्मियों को, जो एक निजी कंपनी के लिए काम कर रहे थे और हिरासत में लिया गया था, मौत की सजा दी गई थी। ना तो भारत सरकार और ना ही कतरी अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की कि उन्हें जासूसी के आरोप में पकड़ा गया था।
पीएम मोदी ने पूर्व नौसेना कर्मियों की रिहाई सुनिश्चित करने में व्यक्तिगत रुचि ली। दिसंबर में उन्होंने दुबई में COP28 शिखर सम्मेलन के मौके पर कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी से मुलाकात की और कतर में "भारतीय समुदाय की भलाई" पर चर्चा की।












Click it and Unblock the Notifications