मुख्यमंत्रियों से राय के बाद ही कोई घोषणा: राजनाथ
नई दिल्ली| भाजपा की तरफ से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा पर मचे बवाल पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा है कि हम इस मसले पर भाजपा शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों से बातचीत करेंगे। जिसके बाद ही इस पर कोई सार्वजनिक घोषणा की जाएगी। गौरतलब है कि वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी इस बात पर अड़ गये हैं कि विधानसभा चुनावों के बाद ही पार्टी की तरफ से पीएम पद के उम्मीदवार की घोषणा की जाय।
पार्टी प्रवक्ता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, "बातचीत जारी है और हम जल्द उम्मीदवार की घोषणा करेंगे। पार्टी में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर कोई विरोधाभास नहीं है। सब कुछ ठीक है।" भाजपा से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर बड़ी सहमित बन गई है। इसकी औपचारिक घोषणा भाजपा के संसदीय बोर्ड के उनकी उम्मीदवारी को हरी झंडी दे दिए जाने के बाद शुक्रवार को की जा सकती है।

इस बीच यह भी बताया जा रहा है कि सुषमा स्वराज, मुरली मनोहर जोशी, आडवाणी के पक्ष में हैं। जिसके लिए पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक होगी, बैठक में आम सहमति न बनने पर राजनाथ अपने अधिकार का प्रयोग करते हुए बिना बैठक के भी घोषणा कर सकते हैं।
पार्टी नेताओं की इस मसले पर सहमति बनाने के लिए जल्द ही बैठक होगी, इसे देखते हुए उन्हें इस दौरान दिल्ली में ही रहने का आदेश दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications