सांसदी वापस मिलने के बाद पहली बार वायनाड के लिए रवाना हुए राहुल गांधी, जनसभा को करेंगे संबोधित
Congress Rahul Gandhi Wayanad Visit: कांग्रेस नेता राहुल गांधी लोकसभा सांसद के रूप में बहाल होने के बाद पहली बार शनिवार तड़के दिल्ली में अपने आवास से केरल के वायनाड में अपने संसदीय क्षेत्र के लिए रवाना हुए।
सुप्रीम कोर्ट द्वारा 4 अगस्त को 'मोदी सरनेम' मामले में उनकी सजा पर रोक लगाने के बाद लोकसभा सचिवालय ने राहुल गांधी की सदस्यता बहाल कर दी। सांसदी वापस मिलने के बाद राहुल गांधी पहली बार वायनाड जा रहे हैं, जहां वह जनसभा को संबोधित करेंगे।

इससे पहले केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष वी.टी सिद्दीकी ने कहा था, "राहुल गांधी 12 अगस्त को वायनाड आएंगे। हम उनका गर्मजोशी से स्वागत करेंगे, जिसकी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। राहुल गांधी 12 और 13 अगस्त को वायनाड में रहेंगे।''
सिद्दीकी ने कहा था, "वायनाड के इतिहास में राहुल गांधी का ये स्वागत याद किया जाएगा।" राहुल गांधी अपने दौरे के दौरान कई कार्यक्रम हिस्सा लेंगे। राहुल गांधी वायनाड में एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
राहुल गांधी मिला दिल्ली वाला उनका बंगला!
इस बीच, पार्टी सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी को 12, तुगलक लेन बंगला भी फिर से आवंटित किया गया है। सूत्रों ने कहा कि, "राहुल गांधी को दिल्ली में एक सांसद के रूप में बंगला आवंटित करने के लिए एस्टेट कार्यालय से आधिकारिक पुष्टि मिल गई है।"
राहुल गांधी को उनकी मोदी सरनेम मामले में दोषी पाए जाने और 2 साल की सजा मिलने के बाद 24 मार्च 2023 को लोकसभा के सदस्य के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया गया था।
बंगला खाली करने का कदम सूरत सत्र न्यायालय द्वारा 20 अप्रैल 2023 को मानहानि मामले में उनकी सजा पर रोक लगाने के अंतरिम आवेदन पर आदेश सुनाए जाने के एक दिन बाद आया था। तब से राहुल गांधी पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के 10 जनपथ रोड स्थित आवास में रह रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications