केरल में भीड़ ने अफ्रीकी फुटबॉलर को दौड़ा-दौड़कर पीटा, नस्लीय गालियां भी दी, वीडियो वायरल
अफ्रीका के आइवरी कोस्ट के एक फुटबॉल खिलाड़ी को केरल में पीटे जाने का मामला सामने आया है। केरल के मलप्पुरम जिले में हाल ही में सेवन्स फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन हुआ था जहां पर ये हादसा हुआ।
वायरल हुए वीडियो में लोगों का एक समूह फुटबॉलर डेर्रासौबा हसन जूनियर को खुले मैदान में दौड़ा-दौड़ा कर पीटता नजर आ रहा है। हसन ने आरोप लगाया कि भीड़ ने उनके साथ नस्लीय दुर्व्यवहार किया।

हसन जूनियर फुटबॉल क्लब जवाहर मावूर का हिस्सा हैं, जो सेवन्स फुटबॉल टूर्नामेंट खेल रही है। वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि फुटबॉल के मैदान में हसन भाग रहे हैं और उनके पीछे लोग दौड़ रहे हैं।
हसन को पकड़ लिया जाता है और उन पर घूंसों की बरसात होने लगती है। हालांकि इस दौरान कुछ लोग उन्हें बचाने के लिए आते हैं और ढाल बनकर खड़े हो जाते हैं। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर भी यह वीडियो वायरल हो रहा है।
इंडिया टुडे ने एक रिपोर्ट में कहा कि यह घटना फुटबॉलर द्वारा कथित तौर पर एक व्यक्ति को लात मारने के बाद हुई। फुटबॉलर ने अपनी शिकायत में कहा कि भीड़ ने उनके साथ नस्लीय दुर्व्यवहार किया था। एरीकोड पुलिस ने मामले के संबंध में हसने की शिकायत दर्ज कर ली है।
स्थानीय क्लब न्यूलाला पूकोलाथुर का प्रतिनिधित्व करने वाले हसन ने स्थानीय पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा कि दर्शकों ने उन्हें "अफ्रीकी बंदर" और "काली बिल्ली" कहा था। द न्यूज मिनट ने हसन जूनियर के हवाले से कहा, कि फुटबॉलर की त्वचा के रंग और उनकी नस्ल के कारण उन्हें अपमानित किया गया और उन पर हमला किया गया।
डेरासौबा हसन जूनियर सेवन्स फुटबॉल में खेलते हैं। ये केरल में लोकप्रिय फुटबॉल का एक टूर्नामेंट है, जिसमें प्रत्येक टीम में सात खिलाड़ी होते हैं, जो अक्सर पारंपरिक फुटबॉल मैदानों की तुलना में छोटे मैदानों में खेला जाता है। हसन फुटबॉल क्लब, जवाहर मावूर की तरफ से खेल रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications