Afghanistan: कंधार में जारी रहेगा भारतीय कॉन्सुलेट का काम, MEA ने किया है खास इंतजाम
नई दिल्ली, 11 जुलाई: भारत ने कहा है कि वह अफगानिस्तान के कंधार स्थित अपने कॉन्सुलेट से करीब 50 राजनयिकों और दूसरे स्टाफ को वापस बुला लिया है, क्योंकि कंधार शहर के पास जबर्दस्त लड़ाई जल रही है। इसके साथ ही भारत ने साफ किया है कि कंधार कॉन्सुलेट में स्थानीय स्टाफ के जरिए काम जारी रहेगा। बता दें कि भारतीय वायुसेना का विमान कंधार से अपने कॉन्सुलेट के कर्मचारियों को वापस लेकर आया है, लेकिन इस दौरान उसने पाकिस्तानी एयर स्पेस का इस्तेमाल नहीं किया है।

हमारे कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोपरि है- विदेश मंत्रालय
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अफगानिस्तान के 'कंधार शहर के पास जारी जबर्दस्त लड़ाई' के चलते उसने अपने कॉन्सुलेट से करीब 50 राजनयिकों और दूसरे स्टाफ मेंबर को वापस बुला लिया है। सूत्रों के मुताबिक दो दशकों के बाद अमेरिकी सेना के अफगानिस्तान छोड़ने के बाद वहां तालिबान फिर से पूरे देश पर कब्जा करना चाहता है, जिसके चलते सुरक्षा बलों के साथ उसकी जंग छिड़ी हुई है। सूत्रों का कहना है कि पिछली रात कॉन्सुलेट के कर्मचारियों को भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से दिल्ली लाया गया है, जिसने पाकिस्तानी एयर स्पेस का इस्तेमाल नहीं किया। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि 'भारत, अफगानिस्तान में तेजी से बदल रहे सुरक्षा हालातों की करीब से निगरानी कर रहा है। हमारे कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। ' विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि 'कंधार में भारत के वाणिज्य दूतावास को बंद नहीं किया गया है। हालांकि, कंधार शहर के पास भीषण लड़ाई के कारण, भारतीय कर्मचारियों को कुछ समय के लिए वापस लाया गया है। मैं यह बात जोर देकर कह रहा हूं कि यह व्यवस्था पूरी तरह से हालात स्थिर होने तक के लिए अस्थाई है। वाणिज्य दूतावास में हमारे लोकल स्टाफ मेंबर्स के जरिए काम जारी रहेगा।'
भारतीय नागरिकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह
पिछले मंगलवार को काबुल स्थित भारतीय दूतावास ने कहा था कि उसे बंद करने की कोई योजना नहीं है। कंधार या मजार ए शरीफ स्थित कॉन्सुलेट को भी खुले रखने की बात कही गई थी। जबकि हेरात और जलालाबाद स्थित कॉन्सुलेट पिछले साल अप्रैल में ही महामारी के चलते बंद कर दिया गया था। इससे पहले विदेश मंत्रालय ने कहा था कि भारत, अफगानिस्ता में सुरक्षा के बिगड़ते हालात पर सावधानी से नजर रखे हुए है और उसके चलते भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर पड़ने वाले असर की निगरानी कर रहा है। गौरतलब है कि जब से ऐसा लग रहा है कि अमेरिका अगस्त तक वहां से अपनी सेना को पूरी तरह से हटा लेगा, आतंकी घटनाओं में इजाफा हो गया है। इस स्थिति में भारतीय दूतावास ने अफगानिस्तान में मौजूद अपने सभी नागरिकों से अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा है और गैर-जरूरी यात्राओं से परहेज करने की सलाह दी है। विदेश मंत्रालय ने एडवाइजरी में कहा है कि भारतीय नागरिकों को बंधक बनाए जाने का गंभीर खतरा है।












Click it and Unblock the Notifications