सोनिया गांधी से मिले आदित्य ठाकरे, शपथ ग्रहण समारोह के लिए दिया न्योता
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे सरकार के शपथ ग्रहण में तमाम दिग्गज नेता शिरकत करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को शपथग्रहण समारोह में आमंत्रित करने के लिए खुद उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे दिल्ली पहुंचे हैं। उद्धव ठाकरे ने सोनिया गांधी को शपथ ग्रहण में आने का निमंत्रण दिया। बता दें कि महाराष्ट्र में सरकार गठन में सोनिया गांधी की अहम भूमिका रही है।

दिया न्योता
सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद आदित्य ठाकरे ने कहा कि हम यहां पर उनका आशीर्वाद लेने आए थे। हम मनमोहन सिंह को भी आमंत्रित करेंगे। बता दें कि मंगलवार रात को उद्धव ठाकरे को महा विकास अघाड़ी का नेता चुना गया था। महा विकास अघाड़ी का नेता चुने जाने के बाद उद्धव ठाकरे ने सोनिया गांधी को समर्थन देने के लिए शुक्रिया कहा था। उन्होंने कहा कि मैंने अपने जीवन महाराष्ट्र का नेतृत्व करने का सपना नहीं देखा था। मैं सोनिया गांधी और अन्य लोगों को इसका शुक्रिया अदा करना चाहता हूं जिन लोगों ने हमपर भरोसा जताया।
कल होगा शपथ ग्रहण
बता दें कि गुरुवार को शिवाजी पार्क में उद्धव ठाकरे का शपथ ग्रहण समारोह होगा। इसके लिए तैयारियां जोरो पर हैं। ठाकरे परिवार से मुख्यमंत्री बनने वाले उद्धव ठाकरे पहले व्यक्ति हैं। अहम बात यह है कि उद्धव ठाकरे ने कभी भी अपने जीवन में कोई चुनाव नहीं लड़ा है। उद्धव ठाकरे का शपथ ग्रहण गुरुवार शाम 6.40 बजे होगा। दरअसल शिवाजी पार्क से शिवसेना का भावुक नाता है, यहां पर बाल ठाकरे का मेमोरियल भी है, 17 नवंबर 2012 को उनका निधन होने के बाद यहां पर उनका अंतिम संस्कार हुआ था।
अहम बैठक
इससे पहले एनसीपी-शिवसेना-कांग्रेस के नेताओं के बीच मंत्रालयों के बंटवारे को लेकर बैठक हुई। बैठक के बाद एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि, मंत्रिमंडल के लिए आज अंतिम दौर की चर्चा हुई है। तीनों दलों के बड़े नेताओं के बीच बैठक में मंत्रियों को नामों पर भी चर्चा हुई। सभी पार्टियों की ओर दो-दो मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है जिसके बारे में आज रात तक तय कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से स्पीकर होगा और डिप्टी सीएम और डिप्टी स्पीकर एनसीपी से होंगे। विधान परिषद और निगमों के लिए भी सहमति बन गई है।












Click it and Unblock the Notifications