ममता बनर्जी की पार्टी को वोट देने से अच्छा BJP को वोट दे दो, अधीर रंजन के बयान पर क्या बोली कांग्रेस?
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने मंगलवार को जंगीपुर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए अजब दावा कर दिया। उन्होंने सुन रही भीड़ से कहा कि टीएमसी को वोट देने से अच्छा बीजेपी को वोट देना है। अब उनके इस बयान पर हंगामा मच गया है।
इस दौरान मंच पर मुर्शिदाबाद के सीपीआईएम उम्मीदवार मोहम्मद सलीम भी मौजूद रहे। बहरामपुर लोकसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि कांग्रेस और लेफ्ट का चुनाव जीतना जरूरी है। यदि कांग्रेस और लेफ्ट चुनाव नहीं जीते, तो भारत की धर्मनिरपेक्षता को नुकसान होगा।

अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि, 'कांग्रेस और लेफ्ट का जीतना जरूरी है, अगर ऐसा नहीं होगा तो धर्मनिरपेक्षता खतरे में पड़ जाएगी। टीएमसी को वोट देने का मतलब है बीजेपी को वोट देना, इसलिए बेहतर होगा कि आप बीजेपी को ही वोट दें।' हालांकि इसके बाद उन्होंने यह भी कहा कि, 'बीजेपी को वोट न दें, टीएमसी को वोट न दें।'
अधीर रंजन चौधरी के इस बयान के बाद, TMC ने उनके भाषण के वीडियो पर हमला बोला है। तृणमूल कांग्रेस ने उन पर निशाना साधते हुए कहा कि, अधीर रंजन बीजेपी की बी टीम हैं। टीएमसी ने कहा कि केवल एक बांग्ला-विरोधी ही भाजपा के लिए प्रचार कर सकता है, जिसने बार-बार बंगाल के प्रतीकों का अपमान किया है।
अधीर रंजन के बयान को बीजेपी ने भी पकड़ लिया है। बीजेपी के बीजेपी आईटी सेल के हेड ने एक्स पर अधीर रंजन चौधरी के 8 सेकेंड का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "अधीर रंजन चौधरी को पता है कि ममता बनर्जी की टीएमसी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में स्थिति कितनी खराब है।"
अधीर रंजन चौधरी के वीडियो के वायरल होने पर अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। रमेश ने कहा, "मैंने वीडियो नहीं देखा है और मुझे नहीं पता कि कौन सा वीडियो है या फिर किस संदर्भ में उन्होंने यह बात कही है, लेकिन मैं साफ कर देना चाहता हूं कि कांग्रेस पार्टी का एक ही मकसद है कि 2019 में बीजेपी को बंगाल में जो सीटें मिली हैं, इस चुनाव में उनसे कम सीटें मिले।"
आपको बता दें कि ममता बनर्जी और अधीर रंजन चौधरी की अदावत नई नहीं है। वे दोनों एक-दूसरे के परस्पर कट्टर विरोधी हैं। पहले भी अधीर रंजन चौधरी लगातार ममता बनर्जी पर हमला बोलते नजर आए हैं। ऐसा कहा जाता है कि पश्चिम बंगाल में ईंडी गठबंधन अधीर रंजन चौधरी ने ममता बनर्जी की दुश्मनी की वजह से कामयाब नहीं हो पाया।












Click it and Unblock the Notifications