दिल्ली: शालीमार बाग थाने के एडिशनल SHO निकले कोरोना पॉजिटिव, कई पुलिसकर्मी क्वारंटाइन
नई दिल्ली: पूरा देश कोरोना से बुरी तरह से प्रभावित है। पुलिस-प्रशासन की इतनी सख्ती के बाद भी रोजाना तीन हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। इस बीच ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मी भी बड़ी संख्या में कोरोना की चपेट में आने लगे हैं। अब दिल्ली में एक पुलिस अधिकारी की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसके बाद उनके संपर्क में आए लोगों को क्वारंटाइन कर दिया गया है। साथ ही थाने को भी सैनिटाइज किया जा रहा है।

मामले में नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के डीसीपी विजयंता आर्या ने जानकारी देते हुए बताया कि शालीमार बाग थाने के एडिशनल स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसके बाद उस थाने के सात पुलिसकर्मियों को क्वारंटाइन कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम उनके संपर्क में आए अन्य लोगों की तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारी को संक्रमण कहां से हुआ इस बात का पता अभी नहीं चल पाया है। उनके घर और थाने को सैनिटाइज किया जा रहा है।
दिल्ली में 6900 से ज्यादा केस
वहीं दूसरी ओर मामले में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन ने बताया कि राजधानी में शनिवार को 381 मामले सामने आए थे। जिसके साथ अब संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 6923 हो गई है। दिल्ली में अब तक 2,069 लोग कोरोना वायरस से ठीक हो चुके हैं। इस दौरान फ्रंटलाइन पर काम कर रहे स्वास्थ्य कर्मी भी कोरोना वायरस की चपेट में आ रहे हैं। अभी तक करीब 400 स्वास्थ्य कर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें कोविड अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों की संख्या ज्यादा नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications