कोरोना वैक्सीन पर बड़ी खबर: अदार पूनावाला ने बताया- कब और कितनी कीमत में मिलेगी Vaccine
सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला ने ऑक्सफोर्ड कोरोना वायरस वैक्सीन को लेकर एक बड़ी खबर दी है।
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली सहित कई राज्यों में कोरोना वायरस का संक्रमण एक बार फिर से रफ्तार पकड़ रहा है। कोरोना वायरस ने सबसे ज्यादा आफत दिल्ली में मचाई हुई है, जहां पिछले 2 हफ्तों के भीतर अचानक संक्रमण के दैनिक मामले तेजी से बढ़े हैं। शुक्रवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि देशभर में पिछले 24 घंटों के भीतर कोरोना वायरस के 45,882 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 584 मरीजों की मौत हुई है। इस बीच सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला ने ऑक्सफोर्ड कोरोना वायरस वैक्सीन को लेकर एक बड़ी खबर दी है। दरअसल अदार पूनावाला ने बताया है कि देश में आम लोगों को वैक्सीन कबसे और कितनी कीमत में मिलनी शुरू होगी।
Recommended Video

'अप्रैल तक आम लोगों के लिए उपलब्ध होगी वैक्सीन'
हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट 2020 में वैक्सीन के बार में बात करते हुए अदार पूनावाला ने बताया, 'मेरा मानना है कि स्वास्थ्यकर्मियों और बुजुर्ग लोगों के लिए ऑक्सफोर्ड कोरोना वायरस वैक्सीन फरवरी 2021 तक उपलब्ध हो जानी चाहिए। इसके अलावा अप्रैल 2021 तक ये वैक्सीन आम लोगों के लिए भी उपलब्ध हो जाएगी। लोगों के लिए इस वैक्सीन की आवश्यक दो डोज की कीमत अधिकतम 1000 रुपए होगी। हालांकि ये सब अंतिम चरण के ट्रायल के नतीजों और सरकार से मिलने वाले अप्रूवल पर निर्भर करेगा। उम्मीद है कि साल 2024 तक हर भारतीय को यह वैक्सीन मिल जाएगी।'

हर भारतीय को वैक्सीन देने में क्यों लगेगा वक्त?
अदार पूनावाला ने कहा, 'मुझे उम्मीद है कि अगले दो से तीन साल में हर भारतीय को यह वैक्सीन मिल जाएगी, मैं ऐसा इसलिए कह रहा हूं क्योंकि सभी को वैक्सीन देने के लिए ना केवल सप्लाई, बल्कि बजट, वैक्सीन की उपलब्धता, इन्फ्रास्ट्रक्चर जैसी मूल बातें भी मायने रखेंगी। इसके अलावा वैक्सीन लेने के लिए लोगों की इच्छा भी काफी अहम होगी। ये वो फैक्टर हैं, जिन्हें हमें टीकाकरण के दौरान ध्यान में रखना होगा और तब जाकर 2024 तक हम हर भारतीय को वैक्सीन दे पाएंगे।'

सरकार को सस्ती कीमत पर मिलेगी वैक्सीन
कोरोना वायरस वैक्सीन की कीमत को लेकर अदार पूनावाला ने कहा, 'कोरोना वैक्सीन की दो आवश्यक डोज की कीमत करीब 5-6 डॉलर यानी लगभग 1000 रुपए होगी। भारत सरकार को ये वैक्सीन करीब 3-4 डॉलर की सस्ती कीमत पर मिलेगी, क्योंकि सरकार इसे बड़ी मात्रा में खरीदेगी। बाजार में मौजूद बाकी वैक्सीन के मुकाबले हम अभी भी इसे कहीं ज्यादा सस्ती कीमत में दे रहे हैं।'












Click it and Unblock the Notifications