Adani Group की डिजिटल क्रांति, 100 अरब डॉलर का निवेश करेगा, AI में भारत की होगी बादशाहत
Adani sovereign AI infrastructure in India: भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर बड़ी और निर्णायक पहल सामने आई है। Adani Group ने 2035 तक नवीकरणीय ऊर्जा से संचालित, एआई-तैयार डेटा सेंटरों के विकास पर 100 अरब अमेरिकी डॉलर निवेश करने की घोषणा की है।
इस रणनीतिक योजना का उद्देश्य भारत के लिए एक संप्रभु (Sovereign) एआई बुनियादी ढांचा मंच स्थापित करना और अगले दशक में 250 अरब डॉलर का व्यापक एआई पारिस्थितिकी तंत्र तैयार करना है। कंपनी का मानना है कि यह निवेश देश को वैश्विक डिजिटल नेतृत्व की दिशा में मजबूत स्थिति में ला सकता है।

250 अरब डॉलर का एआई इकोसिस्टम लक्ष्य
समूह के अनुसार, यह पहल सर्वर विनिर्माण, क्लाउड सेवाओं और टेक्नोलॉजी सप्लाई चेन जैसे क्षेत्रों में करीब 150 अरब डॉलर का अतिरिक्त निवेश आकर्षित करेगी। इस तरह कुल एआई इकोसिस्टम 2035 तक 250 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है। समूह के अध्यक्ष Gautam Adani ने कहा कि दुनिया 'बुद्धिमत्ता क्रांति' के दौर में प्रवेश कर रही है और भारत को केवल एआई का उपभोक्ता नहीं, बल्कि निर्माता और निर्यातक बनना चाहिए।

डेटा सेंटर का विस्तार
यह निवेश समूह के डेटा सेंटर प्लेटफॉर्म AdaniConneX पर आधारित है, जिसकी मौजूदा क्षमता 2 गीगावाट है और इसे 5 गीगावाट तक बढ़ाने की योजना है। कंपनी Google के साथ विशाखापत्तनम में एआई डेटा सेंटर विकसित कर रही है, जबकि Microsoft के साथ हैदराबाद और पुणे में सहयोग जारी है। Flipkart के साथ हाई-परफॉर्मेंस एआई इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी काम हो रहा है।
नवीकरणीय ऊर्जा और घरेलू विनिर्माण पर जोर
इन डेटा सेंटरों को स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने में समूह की खावड़ा नवीकरणीय परियोजना अहम भूमिका निभाएगी। साथ ही ट्रांसफॉर्मर, ग्रिड सिस्टम और कूलिंग सॉल्यूशंस के घरेलू निर्माण में निवेश कर आयात निर्भरता कम करने की योजना है। कंपनी ने एआई कौशल विकास के लिए शैक्षणिक संस्थानों के साथ विशेष कार्यक्रम शुरू करने की भी घोषणा की है, जिससे भारत का डिजिटल भविष्य और मजबूत हो सके।












Click it and Unblock the Notifications