कोरोना वायरस से जंग में आगे आईं सारा अली खान, पीएम राहत कोष में करेंगी दान
मुंबई। पूरी दुनिया इस वक्त कोरोना वायरस (कोविड-19) से जंग लड़ रही है। इस महामारी के फैलाव को रोकने के लिए भारत में 21 दिनों का लॉकडाउन लगा हुआ है। इस खतरनाक वायरस के खिलाफ जंग में आम आदमी से लेकर बॉलीवुड की हस्तियां तक दिल खोलकर दान दे रही हैं। इस मुहिम में अब बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान भी शामिल हो गई हैं। सारा अली खान ने इसे लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की है।

'हर योगदान गिना जाता है'
इस पोस्ट में सारा ने लिखा है, 'मैं प्रतिज्ञा लेती हूं कि मैं पीएम केयर फंड और महाराष्ट्र सीएम रिलीफ फंड में दान करूंगी। मैं आप सभी से भी हमारे देश की जनता की मदद के लिए अपना योगदान देने का आग्रह करती हूं। हर योगदान गिना जाता है, और हमारी एकजुटता ही इस महामारी के खिलाफ आशा की किरण है।'

'जिन्हें आवश्यक हो उनकी मदद करें'
इस पोस्ट को शेयर करते हुए सारा ने लिखा है, 'यह समय कुछ अच्छा काम करने का है, अंदर रहें और जिन्हें आवश्यक हो उनकी मदद करें, आपका योगदान उनकी रक्षा करेगा। मैं आप सभी से समर्थन का अनुरोध करती हूं।' बता दें कि अभिनेत्री सारा अली खान सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं। वह अक्सर अपनी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करती हैं।
भारत में तेजी से बढ़ रहे हैं मामले
वहीं कोरोना वायरस की बात करें भारत सहित पूरी दुनिया में इसके मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। चीन के वुहान शहर से फैलने शुरू हुए इस वायरस ने यूरोपीय और पश्चिमी देशों को भी अपनी चपेट में ले लिया है। कोरोना वायरस से दुनियाभर में अभी तक करीब 38,720 लोगों की मौत हो गई है। जबकि दुनियाभर में बीमारी से संक्रमित होने वालों की संख्या 799,677 हो गई है। वहीं भारत में अभी तक संक्रमित मामलों की संख्या 1205 हो गई है, जबकि इस महामारी से 32 लोगों की मौत भी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications