सलमान खान को लेकर क्यों बोलीं रिमी सेन- उन पर पहले ही इतना बोझ, और परेशान नहीं करना चाहती
मुंबई। फिल्म अभिनेत्री रिमी सेन बीते कुछ समय से फिल्मों से दूर हैं। वो फिर से फिल्मों में आने की कोशिश कर रही हैं। हालांकि इसमें उनको मुश्किल भी हो रही है। उनका मानना है कि ब्रेक लेने के बाद फिर से काम मिलना आसान नहीं है। एक इंटरव्यू में रिमी सेन ने अपने करियर और वापसी को लेकर बात की है। फिल्मों में वापसी के लिए सलमान खान से मदद लेने पर भी उन्होंने दिलचस्प जवाब दिया है।

सलमान खान पर बोझ नहीं डालना चाहती
रिमी सेन ने इंडिया.कॉम को इंटरव्यू दिया है। इस दौरान रिमी से पूछा गया कि वो करियर को फिर से पटरी पर लाने के लिए सलमान खान की मदद क्यों नहीं लेती हैं। इस पर रिमी ने कहा, ये बात सही है कि सलमान एक बहुत अच्छे इंसान हैं। वह हमेशा लोगों की मदद करते हैं लेकिन मैं नहीं चाहती कि कोई मेरे लिए बात करे, या कोई तकलीफ उठाए। मैं कभी नहीं चाहूंगी कि सलमान मेरे लिए कोई एक्ट्रा एफर्ट लें। अभी उनके पास इतना बोझ पहले ही है तो ये भी लगता है कि और कितना डालूं। कुछ लोग ऐसा करते हैं लेकिन मैं उन्हें परेशान नहीं करना चाहती।

मैं अच्छे रोल की तलाश में हूं
रिमी सेन ने कहा, मैं अब अपने दूसरी इनिंग के लिए तैयार हूं। मैं उन शोज की तरफ देख रहीं हूं जहां कैरेक्टर स्टोरी के लिए जरूरी होगा। मुझे लीड रोल्स भी नहीं चाहिए, लेकिन मैं कुछ यादगार करना चाहती हूं। उन्होंने कहा कि 40 की उम्र की अभिनेत्रियों के लिए आज काफी शानदार रोल हैं। सही मायने में कहूं तो मैं विद्या बालन ने कहानी में जिस तरह का रोल किया, कुछ ऐसा तलाश रही हूं।

बिग बॉस से नहीं हुआ करियर को फायदा
बिग बॉस में हिस्सा लेने को लेकर रिमी ने कहा, मुझे नहीं लगता कि बिग बॉस से उनके करियर को कोई फायदा हुआ है। हम कुछ चीजें फेम के लिए करते हैं और कुछ पैसों के लिए करते हैं। मैंने बिग बॉस केवल पैसों के लिए किया। उन्होंने मुझे 49 दिनों के लिए लगभग 2.25 करोड़ की फीस दी। इतने कम समय में कोई भी इतना पैसा नहीं कमा सकता है। इसके अलावा बिग बॉस से कोई फायदा नहीं हुआ।

कई बड़ी फिल्में मेरे हाथ से निकलीं
रिमी ने कहा, आशुतोष गोवारिकर की फिल्म 'स्वदेस' के लिए मैंने ऑडिशन दिया था लेकिन बाद में गायत्री जोशी चुन ली गईं। मुन्नाभाई एमबीबीएस के लिए भी पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिला था लेकिन वह रोल ग्रेसी सिंह को मिल गया। मैंने कई अच्छे रोल खो दिए। बता दें कि रिमी सेन हंगामा, गोलमाल, फिर हेरा फेरी, गरम मसाला जैसी कई फिल्मों में काम कर चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications