अध्ययन सुमन की एक्स कहे जाने पर भड़कीं एक्ट्रेस मायरा मिश्रा, जमकर सुना दी खरी खोटी
मुंबई, 30 जुलाई: अभिनेत्री मायरा मिश्रा ने इस बात को लेकर नाराजगी जताई है कि उनको अध्ययन सुमन की पूर्व प्रेमिका के तौर पर पेश किया जाता है। काफी पहले शेखर सुमन के बेटे अध्ययन से ब्रेकअप कर चुकीं मायरा का कहना है कि जो उनकी पहचान है, उसे बताया जाए। किसी की एक्स कहने का क्या तुक है। उन्होंने कहा कि वह खुद अध्ययन की एक्स कहे जाने से परेशान हैं। उन्होंने दोहरे मानदंडों की बात कहते हुए सवाल किया कि किसी बड़ी अभिनेत्री को क्यों किसी का एक्स कहकर नहीं संबोधित किया जाता है।

मैं इस बात से बहुत परेशान हूं
मायरा ने एक अखबार से बातचीत में कहा, मैं एक बात से परेशान हूं। मुझे अक्सर अध्ययन सुमन की एक्स के तौर पर दिखाया जाता है। मेरी अपनी एक पहचान है। मेरे जीवन में अध्ययन के आने से पहले मेरा नाम मायरा मिश्रा लिखा जाता था। अध्ययन और मैं थोड़े समय के लिए साथ थे। जब तक यह चला यह अच्छा था। लेकिन हम इसे बरकरार नहीं रख सके। वो कहानी खत्म हो गई। अब उसका नाम जोड़ने का क्या मतलब है। बड़े अभिनेताओं को किसी का एक्स क्यों नहीं कहा जाता? ये दोहरा मापदंड क्यों? यह ठीक नहीं है, ना मेरे लिए और ना ही अध्ययन के लिए। मुझे यकीन है कि अगर अब मेरे जीवन में कोई और है, तो वह भी इसे पसंद नहीं करेगा।

दो साल साथ रहे मायरा और अध्ययन
मायरा मिश्रा और अध्ययन सुमन ने एक-दूसरे को दो सालों तक डेट किया था। इस साल उन्होंने ब्रेकअप के बारे में बताया था। मायरा ने अपने एक इंटरव्यू में अध्ययन संग ब्रेकअप पर बात करते हुए कहा था कि हमारा नवंबर 2020 में ही ब्रेकअप हो गया था। मैं इस रिश्ते को लेकर काफी गंभीर थी और अध्ययन को मैं लंबे समय के लिए देख रही थी, लेकिन हमारे बीच बात आगे नहीं बढ़ पाई। मैं एक अलग इंसान से प्यार कर बैठी थी। हमारे बीच वह बात नहीं बन सकी जिसकी मुझे उम्मीद थी। मुझे जिस अध्ययन से प्यार हुआ था वह एक दूसरे ही आदमी थे। जब मैं उनके साथ रहने लगी तो वह बिल्कुल अलग निकले जैसा मैंने कभी नहीं सोचा था।

बिग बॉस ओटीटी का मिला है ऑफर
मायरा ने बताया है कि उनको 'बिग बॉस ओटीटी' ऑफर किया गया है और मैं इसके लिए बातचीत कर रही हूं। हालांकि, कुछ भी फाइनल नहीं हुआ है। मैंने अभी तक किसी पेपर पर साइन नहीं किए हैं। टीवी शो बिग बॉस इस बार कलर्स के अलावा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी ऑडियंस को एंटरटेन करेगा। बता दें कि मायरा मिश्रा सीरियल ससुराल सिमर का 2 में एंट्री करने वाली थीं, लेकिन कोविड के चलते बदली स्टोरी लाइन की वजह से अब तक ऐसा नहीं हो पाया है।












Click it and Unblock the Notifications