शूटिंग से लौट रही एक्ट्रेस के साथ छेड़खानी, जबरन कार रोककर मनचलों ने की अश्लील हरकत
कोलकाता। बंगाली फिल्मों में काम करने वाली कंचना मैत्र के साथ बदसलूकी की गई। शूटिंग से लौटते वक्त कंचना के साथ छेड़खानी की वारदात को अंजाम दिया गया। दरअसल कंचना देर रात शूटिंग खत्म करने के बाद शॉर्टकट रास्ते से घर लौट रही थी कि तभी कुछ लड़कों ने उनकी कार को रोककर उनके साथ बदसलूकी की।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार को कंचना शूटिंग के बाद श्रिति मोड़ के बीएल शाह रोड से अपने घर लौट रही थी कि अचानक किसी ने उनकी कार पर पत्थर फेंका। ड्राइवर ने गाड़ी रोककर देखने की कोशिश की कि तभी तीन लड़के उनकी कार के पास आ धमके और उन्होंने गाड़ी की चाबी निकाल ली। लड़के नशे में धुत थे। उन्होंने कंचना को गंदी गालियां दी और कहा कि अगर चाबी चाहिए तो एक गेम खेलना होगा।
लड़कों ने कंचना और ड्राइवर को आपस में 10-10 थप्पड़ मारने को कहा। इतना करने पर भी वो नहीं माने। उन्होंने एक्ट्रेस को 40 बार उठक-बैठक करने को कहा। कंचना लड़कों के सामने गिड़गिड़ाने लगी, लेकिन नशे में धुत लड़के उसे लगातार गंदी गालियां दे रहे थे और अश्लील शब्दों का इस्तेमाल कर रहे थे।
लेकिन तभी वहां पुलिस की गश्त लगाती गाड़ी पहुंच गई। कंचना ने फौरन पुलिस से मदद मांगी, लेकिन पुलिस को देखते ही लड़के वहां से भागने लगे। पुलिस ने दो लड़कों को तो पकड़ लिया, लेकिन एक भागने में कामियाब हो गया। पुलिस ने कंचना मैत्र के साथ बदसलूकी के आरोप में सोनकार दोलोई और सुरजीत पांडा को गिरफ्तार किया है और तीसरे की तलाश जारी है।












Click it and Unblock the Notifications