बागपत में भाजपा के लिए रोडशो में उतरे सनी देओल

पिंकविला के अनुसार सनी देओल ने लोगों से अपील की है कि आने वाले चुनाव में लोग भाजपा को वोट करें, जिससे कि नरेंद्र मोदी देश के अगले प्रधानमंत्री बन सकें। सनी ने लोगों को बताया कि मुंबई पुलिस कमिश्नर के तौर पर सत्यपाल सिंह ने बेहतर ढंग से अपनी कर्तव्यों का निर्वहन किया। सनी ने खासकर युवाओं से भाजपा का समर्थन करने की अपील की और अपने भाषण में 'ढ़ाई किलो का हाथ' जैसे संवादों का प्रयोग किया।
यह ध्यान देने योग्य है कि सनी देओल के भाजपा में शामिल होने की भी खबरें आ रही थी, वहीं शिरोमणि अकाली दल की भी कोशिश थी कि देओल उनकी पार्टी में शामिल हो जाएं। भाजपा नेताओं का प्रयास है कि सनी देओल सूचना एवं प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी के खिलाफ लुधियाना से चुनाव लड़ें लेकिन देओल ने इस मामले में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। लुधियाना में देओल परिवार काफी लोकप्रिय है। इसके पहले भाजपा की तरफ से ही अभिनेता धर्मेंद्र भी राजस्थान के बीकानेर से 2004 में चुनाव मैदान में उतरे थे, जिसमें उन्हें जीत हासिल हुई थी।
भाजपा में कई बॉलीवुड कलाकार शामिल हो चुके हैं, जिनमें हेमा मालिनी, स्मृति ईरानी, किरण खेर, शत्रुघ्न सिंहा और विनोद खन्ना हैं। पिछले दिनों मनोज तिवारी और लोकप्रिय गायक बप्पी लाहिड़ी भी भाजपा में शामिल हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications