नागरिकता कानून पर बोले एक्टर सिद्धार्थ- पहले वो मुस्लिमों को निकालेंगे फिर दूसरों को भी छाटेंगे
नई दिल्ली। दक्षिण भारत के एक्टर सिद्धार्थ ने नागरिकता संशोधन कानून को लेकर सरकार का कड़ा विरोध किया है। सिद्धार्थ ने मार्टिन नीमोलर की हिटलर के समय लिखी विश्व की सबसे मशहूर राजनैतिक नज्म 'पहले वे कम्युनिस्टों के लिए आए' का एक हिस्सा ट्वीट करते हुए लोगों से एकजुट होकर इस कानून की मुखालफत करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि फासीवाद के खिलाफ हमें एकजुट होकर लड़ना होगा।

फासीवादियों से लड़ना होगा
सिद्धार्थ ने अपने ट्वीट में लिखा है, पहले वे मुसलमानों को अलग करेंगे, फिर ईसाईयों को, फिर दूसरे धर्मों को भी, फिर वे दलित जातियों को निकाल देंगे और इसके बाद महिलाओं के हकों को छीनेंगे। वे हमेशा बांटने और नफरत फैलाने का रास्ता ढूंढेंगे। ये ही उनका तरीका है। हमें फासीवाद को रोकना होगा और भारत को बचाना होगा।

सिद्धार्थ लगातार सरकार पर हमलावर
सिद्धार्थ लगातार मौजूदा सरकार पर हमलावर रहे हैं। नागरिकता कानून को लेकर वो गृहमंत्री और प्रधानमंत्री की तीखी आलोचना कर रहे हैं। विरोध प्रदर्शनों के दौरान पुलिस कार्रवाई का भी सिद्धार्थ विरोध कर रहे हैं। सिद्धार्थ इस पर लगातार ट्वीट कर रहे हैं। जामिया के छात्रों के समर्थन में भी वो ट्वीट कर चुके हैं।

कई सितारे कानून के विरोध में
विवादित नागरिकता कानून के विरोध में सिद्धार्थ के अलावा भी कई एक्टर आगे आ चुके हैं। स्वरा भास्कर, कमल हासन, फरहान अख्तर, ऋचा चड्ढा, जीशान अय्यूब जैसे कलाकारों ने नागरिकता संशोधन कानून पर खुलकर बोलते इसकी मुखालफत की है।
बता दें कि नागरिकता संशोधन एक्ट, 2019 बीते हफ्ते सदन से पास हुआ है। इस कानून में पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आए हिंदू, जैन, सिख, बौद्ध, पारसी और ईसाई समुदाय के शरणार्थियों को नागरिकता का प्रस्ताव है। कांग्रेस समेत ज्यादातर विपक्षी दल और कई सामाजिक संगठन इस बिल का विरोध कर रहे हैं। देशभर की बड़ी यूनिवर्सिटियों के छात्र भी इसके खिलाफ सड़कों पर हैं।












Click it and Unblock the Notifications