काला हिरण केस: जोधपुर कोर्ट ने कल सलमान खान को पेश होने के दिए निर्देश
जोधपुर। बहुचर्चित काला हिरण शिकार मामले में अभिनेता सलमान खान को जोधपुर कोर्ट ने कल अदालत में पेश होने के निर्देश दिए हैं। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि, सलमान खान कोर्ट में पेश होने के लिए जोधपुर आ रहे हैं या नहीं। दरअसल पिछली सुनवाई में कोर्ट में सलमान खाने के हाजिर ना होने पर नाराजागी जताई थी। कोर्ट ने इसके बाद मौखिक आदेश जारी करते हुए अगली सुनवाई पर सलमान खान को पेश होने के आदेश दिए थे।

कोर्ट में वरिष्ठ अधिवक्ता महेश बोड़ा सलमान खान का पक्ष रखेंगे। करीब एक साल बाद एक बार फिर से महेश बोड़ा सलमान खान की पैरवी करेंगे। गौरतलब है कि पिछली सुनवाई में कोर्ट ने कहा था कि यदि सलमान खान पेश नहीं होंगे तो उनकी जमानत को खारिज कर दिया जाएगा। जिसके चलते कल होने वाली सुनवाई के लिए सलमान खान जोधपुर आएंगे।
हालांकि, सलमान खान के जोधपुर आने पर संशय बरकरार है। प्रशासन को अभी तक कोई भी चार्टर प्लेन बुक होने की सूचना नहीं मिली है। पुलिस अधिकारियों के पास भी इसकी कोई सूचना नहीं आई है। सीजेएम कोर्ट द्वारा सलमान खान को 5 साल की सजा सुनाए जाने के बाद, 2 दिन तक बेल ना मिल पाने के कारण उन्हें जेल में भी रहना पड़ा था। सलमान खान की अपील पर आगामी 27 सितंबर को सुनवाई रखी है।
इस बीच स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन ऑफ पंजाब यूनिवर्सिटी के ग्रुप 'सोपू' के फेसबुक पेज पर गैरी शूटर नामक युवक ने सलमान खान के चित्र पर लाल क्रॉस लगाकर लिखा है कि सोच ले सलमान तू भारत के कानून से बच सकता है लेकिन विश्नोई समाज के कानून ने तुझे मौत की सजा सुना दी है। इसके बाद पुलिस सलमान खान की सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications